UK: किच्छा का खुरपिया फार्म बनेगा आधुनिक औद्योगिक शहर

किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में एक आधुनिक स्मार्ट औद्योगिक शहर का निर्माण होने जा रहा है। यह परियोजना अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत 1002 एकड़ भूम
किच्छा स्थित खुरपिया फार्म में एक आधुनिक स्मार्ट औद्योगिक शहर का निर्माण होने जा रहा है। यह परियोजना अमृतसर-कोलकाता इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के अंतर्गत 1002 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है, जिसकी कुल लागत लगभग 1200 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर का काम प्रारंभ हो चुका है और इसे उत्तराखंड की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में से एक माना जा रहा है। उद्योग विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यहां अत्याधुनिक बुनियादी सुविधाओं के साथ प्लग एंड प्ले मॉडल पर उद्योगों को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। पूरे परिसर में 24 घंटे बिजली, पानी, सीवरेज, सड़क, ड्रेनेज और हाईस्पीड इंटरनेट की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही ग्रीन जोन और कॉमन फैसिलिटी सेंटर भी बनाए जाएंगे। इस औद्योगिक शहर में ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, फार्मास्युटिकल, फूड प्रोसेसिंग, इंजीनियरिंग और टेक्सटाइल सेक्टर की कंपनियों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस परियोजना के तहत निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है। अधिकारियों का मानना है कि किच्छा की रणनीतिक लोकेशन और दिल्ली-एनसीआर व पंतनगर एयरपोर्ट के निकटता के कारण यहां निवेशकों का आकर्षण बढ़ेगा। यह परियोजना क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को सीधा लाभ पहुंचाएगी। अनुमान है कि यहां 75,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को घर के पास ही रोजगार के अवसर मिलेंगे और पलायन की समस्या में कमी आएगी। इसके अलावा, छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को भी बड़ी कंपनियों की सप्लाई चेन से जुड़ने का सुनहरा अवसर मिलेगा।









