LNG Fuel Station Inaugurated: दादरी MMLP में LNG फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन

ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (कानकोर) द्वारा आयोजित कानकोर कनेक्ट कार्यक्रम में दादरी मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) म
ग्रेटर नोएडा में मंगलवार को कंटेनर कारपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (कानकोर) द्वारा आयोजित कानकोर कनेक्ट कार्यक्रम में दादरी मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क (एमएमएलपी) में एक LNG फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत टीकेडी क्लस्टर की प्रमुख रितु शर्मा और कानकोर के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय स्वरूप ने की। इस अवसर पर दादरी के मुख्य प्रबंधक संतोष कुमार सिंह और डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (डीएफसीसीआइएल) के रोशन सिंह ने टर्मिनल की क्षमता और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी पर विस्तृत प्रस्तुति दी। संजय स्वरूप ने इस कार्यक्रम में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं की, जिनमें से एक थी एमएमएलपी दादरी में LNG फ्यूल स्टेशन का उद्घाटन। इसके अलावा, उन्होंने समर्पित रेल लाइन नंबर सात की शुरुआत की घोषणा की, जिससे रेल हैंडलिंग में सुधार होगा। साथ ही, एमएमएलपी दादरी से जवाहरलाल नेहरू पोर्ट ट्रस्ट (जेएनपीटी) के लिए डबल स्टैक कंटेनर ट्रेन को हरी झंडी दी गई।
संजय स्वरूप ने बताया कि इस नई डबल डेकर कंटेनर ट्रेन सेवा के माध्यम से अधिक कंटेनरों का एक साथ परिवहन संभव हो गया है, जिससे ट्रांजिट समय में कमी आई है और लॉजिस्टिक्स लागत में भी गिरावट आई है। कानकोर का लक्ष्य बढ़ते एक्जिम व्यापार के लिए ग्राहक-केंद्रित, कुशल और टिकाऊ लॉजिस्टिक्स सेवाएं प्रदान करना है। दादरी में स्थित यह मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क लगभग 105 हेक्टेयर में फैला हुआ है और इसे भविष्य का एकीकृत लॉजिस्टिक्स हब बनाने की योजना है। इसकी वार्षिक हैंडलिंग क्षमता 10 लाख टीईयू है, और यह वेस्टर्न-ईस्टर्न डीएफसी, राष्ट्रीय राजमार्गों और प्रमुख बंदरगाहों जैसे जेएनपीटी, मुंद्रा और पीपाव से सीधे जुड़ा हुआ है।









