Maintenance Fee Dispute: ग्रेटर नोएडा की सोसायटी में मेंटेनेंस फीस पर घमासान

ग्रेटर नोएडा के सेक्टर एक स्थित विहान ग्रींस सोसायटी में मंगलवार को मेंटेनेंस प्रबंधन और निवासियों के बीच विवाद गहरा गया। मेंटेनेंस टीम ने आरोप लगाया कि सोसायटी
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर एक स्थित विहान ग्रींस सोसायटी में मंगलवार को मेंटेनेंस प्रबंधन और निवासियों के बीच विवाद गहरा गया। मेंटेनेंस टीम ने आरोप लगाया कि सोसायटी के निवासियों ने मेंटेनेंस शुल्क का भुगतान नहीं किया है, जिसके चलते सभी लिफ्ट बंद कर दी गईं। इस कार्रवाई के खिलाफ निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। विवाद की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामले को शांत कराया।
सोसायटी में पिछले आठ महीनों से मेंटेनेंस शुल्क बढ़ाने को लेकर विवाद चल रहा है। निवासियों का कहना है कि उन्हें सोसायटी परिसर में खेल के मैदान, स्वीमिंग पूल, साफ-सफाई और पार्किंग जैसी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। इसके बावजूद मेंटेनेंस प्रबंधन ने शुल्क को 2.10 रुपये से बढ़ाकर 2.90 रुपये कर दिया है। निवासियों ने इस बढ़ोतरी का विरोध किया है, लेकिन प्रबंधन ने उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया। इस कारण कुछ निवासियों ने शुल्क जमा करने से इंकार कर दिया और खर्च का ब्योरा मांगा, लेकिन प्रबंधन की ओर से कोई जवाब नहीं मिला।
तीन महीने पहले हुई एक बैठक में प्रबंधन ने आश्वासन दिया था कि सभी काम नियमित रूप से कराए जाएंगे, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इसी कारण कुछ निवासियों ने शुल्क का भुगतान नहीं किया, जिसके परिणामस्वरूप मेंटेनेंस प्रबंधन ने सोसायटी के तीनों फ्लैट की लिफ्टें बंद कर दी हैं। इससे निवासियों को उतरने-चढ़ने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। बिसरख कोतवाली के प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि लिफ्ट में बिजली की सप्लाई नहीं होने के कारण लिफ्ट बंद हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।









