Malaria outbreak in Jadugoda camp: जादूगोड़ा कैंप में मलेरिया का प्रकोप, 2 जवान और 1 ग्रामीण ब्रेन मलेरिया से पीड़ित

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे अब सुरक्षा बल के जवान भी प्रभावित हुए हैं। जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम में मलेरिया का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है, जिससे अब सुरक्षा बल के जवान भी प्रभावित हुए हैं। जादूगोड़ा स्थित सीआरपीएफ कैंप में तैनात दो जवानों में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन ने तुरंत अलर्ट जारी कर दिया है। दोनों जवानों को तेज बुखार और तबीयत बिगड़ने के कारण एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि भर्ती दोनों जवानों की ब्लड जांच में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है। सीआरपीएफ जवान पिंटू कुमार का इलाज अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में चल रहा है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और चिकित्सकों की विशेष निगरानी में रखा गया है। डाक्टर उन्हें आइसीयू में शिफ्ट करने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं, दूसरे जवान ओम प्रकाश पासवान का इलाज मेडिकल वार्ड में चल रहा है, और उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
इसके अलावा, कूदलूंग गांव के 20 वर्षीय वीरेन सबर को भी एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी जांच में ब्रेन मलेरिया की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है। जिला स्वास्थ्य विभाग की मंगलवार की रिपोर्ट के अनुसार, जिले के विभिन्न प्रखंडों में 8,591 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिसमें 36 नए संक्रमित मिले हैं। इनमें से सबसे अधिक 11 मरीज पोटका प्रखंड से मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग प्रभावित गांवों में विशेष सर्वे, दवा वितरण, मच्छर नियंत्रण और जागरूकता अभियान चला रहा है। सिविल सर्जन डा. साहिर पाल ने लोगों से अपील की है कि बुखार, कंपकंपी या कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, क्योंकि समय पर इलाज से मलेरिया जैसी गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।









