Meeting with Nitin Gadkari: सत शर्मा ने जम्मू-कश्मीर की संपर्क परियोजनाओं पर चर्चा की

राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा के सदस्य सत शर्मा ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात
राज्य ब्यूरो, जम्मू। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और राज्यसभा के सदस्य सत शर्मा ने सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात की। इस बैठक में उन्होंने जम्मू-कश्मीर के सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने और महत्वपूर्ण संपर्क परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने का मुद्दा उठाया। शर्मा ने केंद्रीय मंत्री को जम्मू-कश्मीर के रणनीतिक महत्व, कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, बढ़ती पर्यटन संभावनाओं और जन आकांक्षाओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में राष्ट्रीय राजमार्गों के बार-बार बाधित होने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने वैज्ञानिक ढलान स्थिरीकरण, आधुनिक निगरानी प्रणालियों और उन्नत इंजीनियरिंग तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उनका मानना है कि इन उपायों से सड़कें अधिक सुरक्षित और टिकाऊ बन सकेंगी। शर्मा ने बेहतर सड़क संपर्क को आर्थिक विकास, पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा की आधारशिला बताया। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि केंद्र शासित प्रदेश में सड़क विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता मिलती रहे।
सत शर्मा ने जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के बीच 12 महीने हर मौसम में संपर्क सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों के लिए केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बरसात में भूस्खलन की समस्या से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। शर्मा ने कहा कि बरसात के दौरान भूस्खलन और प्रतिकूल मौसम के कारण राष्ट्रीय राजमार्गों के बाधित होने से लोगों को परेशानी होती है। नई तकनीकों के इस्तेमाल से इस समस्या का समाधान किया जाना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि निर्बाध सड़क संपर्क से सीमावर्ती और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही, वस्तुओं की आवाजाही, पर्यटन और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी पूरे वर्ष सुचारु रूप से जारी रह सकेगा।









