Minister Vikramaditya Singh visits disaster-affected families: बोह में आपदा पीड़ित परिवारों से मिले मंत्री विक्रमादित्य सिंह

धर्मशाला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को आपदा प्रभावित बोह घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुला
धर्मशाला। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को आपदा प्रभावित बोह घाटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आपदा प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। मंत्री ने पीड़ितों की समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा उन्हें विश्वास दिलाया कि प्रदेश सरकार इस कठिन समय में उनके साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित परिवारों का मनोबल बनाए रखना और उन्हें हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन की ओर से सभी 16 प्रभावित परिवारों को आर्थिक राहत सहायता राशि प्रदान की। इसके साथ ही, मंत्री ने बोह गांव की सड़क की मरम्मत व निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी के माध्यम से एक करोड़ रुपये जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों को प्रभावित परिवारों की मांगों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी पात्र परिवारों तक सरकारी सहायता समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाए और पुनर्वास कार्यों में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
इस दौरे के दौरान, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में चंबी खड्ड पर क्षतिग्रस्त हुए पुल का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुनर्निर्माण की प्रगति और भावी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी ली तथा काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि पुल के पुनर्निर्माण से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी और यातायात सुगम होगा। इस दौरान शाहपुर के विधायक एवं प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे पुनर्निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी न होने दें और सुनिश्चित करें कि सभी कार्य समय पर पूरे हों।









