Missing Actor Raj Kiran: 21 साल से लापता, सोमी अली ने शुरू की तलाश में मदद की अपील

80 के दशक के प्रसिद्ध अभिनेता राज किरण, जो बॉलीवुड के सबसे बड़े अनसुलझे रहस्यों में से एक बने हुए हैं, 2003 के बाद अचानक गायब हो गए। उनके लापता होने के बाद से आ
80 के दशक के प्रसिद्ध अभिनेता राज किरण, जो बॉलीवुड के सबसे बड़े अनसुलझे रहस्यों में से एक बने हुए हैं, 2003 के बाद अचानक गायब हो गए। उनके लापता होने के बाद से आज तक उनकी कोई आधिकारिक लोकेशन नहीं मिली है। अब, अभिनेत्री सोमी अली ने राज किरण को खोजने की मुहिम तेज कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए लोगों से मदद की अपील की है। सोमी ने बताया कि वह पिछले 16 साल से राज किरण की तलाश कर रही हैं और यह सिर्फ एक खोज नहीं, बल्कि दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर से किया गया वादा भी है। उन्होंने लिखा कि शूटिंग के दौरान उन्होंने चिंटू जी से वादा किया था कि वह राज किरण को कभी नहीं छोड़ेंगी। इस वादे को निभाने के लिए वह आज भी उनकी तलाश में जुटी हैं।
सोमी अली ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कई दस्तावेज, तस्वीरें और हलफनामा साझा करते हुए बताया कि उन्होंने प्राइवेट इन्वेस्टिगेटर्स की मदद से राज किरण के बारे में कई पते खोजे हैं। एक पते पर, जो न्यूयॉर्क में था, वहां के फ्रंट डेस्क पर मौजूद कर्मचारी ने बताया कि राज किरण वहां कभी नहीं रहे। हालांकि, उनके भाई गोबिंद महतानी, पत्नी जूडी और बेटी ने 11 साल तक उस अपार्टमेंट में निवास किया। सोमी ने यह भी बताया कि उन्होंने राज किरण के परिवार के कई सदस्यों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई भी जवाब नहीं मिला। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर किसी के पास राज किरण के बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी है, तो वह उनसे संपर्क करें। सही जानकारी देने वाले को इनाम भी दिया जाएगा।
सोमी अली ने जिन दस्तावेजों को साझा किया, उनमें राज किरण की पुरानी तस्वीरें और उनकी बुनियादी जानकारी शामिल हैं। एक हलफनामे में उन्होंने दावा किया है कि राज किरण 2003 से लापता हैं और आखिरी बार उनकी जानकारी अटलांटा (जॉर्जिया) में मिली थी। राज किरण के मानसिक स्वास्थ्य को लेकर पहले भी कई रिपोर्ट्स सामने आई थीं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। राज किरण के लापता होने के मामले में कई विवाद भी उठ चुके हैं, जैसे कि एक समय ऋषि कपूर और अन्य फिल्मी हस्तियों ने कहा था कि वह अमेरिका के अटलांटा में एक मानसिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करा रहे हैं, लेकिन उनकी बेटी ऋषिका महतानी ने इस दावे को खारिज कर दिया। अब सोमी अली की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर राज किरण की चर्चा फिर से शुरू हो गई है। कई लोग उनकी सुरक्षित वापसी की कामना कर रहे हैं और इस मामले को बॉलीवुड के सबसे रहस्यमयी मिसिंग केस में से एक मान रहे हैं।










