Missing minors from Begusarai: बेगूसराय बालिका गृह से पांच नाबालिग गायब, मचा हड़कंप

बेगूसराय के रतनपुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालिका गृह से रविवार की रात को पांच नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है
बेगूसराय के रतनपुर स्थित समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित बालिका गृह से रविवार की रात को पांच नाबालिग लड़कियों के एक साथ गायब होने की घटना ने हड़कंप मचा दिया है। सोमवार की सुबह जब बालिका गृह के प्रबंधन को इस बात की जानकारी मिली, तो तुरंत रतनपुर पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनीष ने खुद बालिका गृह जाकर पूरे मामले की जानकारी ली और अधिकारियों से पूछताछ की। एसपी मनीष ने बताया कि सदर डीएसपी आनंद कुमार पांड बालिका गृह में कैंप कर रहे हैं, और जिला बाल संरक्षण इकाई तथा बाल कल्याण समिति को भी मामले की जानकारी दी गई है। डीएसपी के नेतृत्व में रतनपुर पुलिस बालिका गृह और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि पांचों नाबालिग किस रास्ते से बालिका गृह से बाहर निकलीं और इसके बाद वे किस दिशा में गईं।
पुलिस ने लापता पांचों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी के लिए आसपास के सभी थानों को अलर्ट कर दिया है। इसके साथ ही जीआरपी और आरपीएफ को भी सूचित किया गया है ताकि रेलवे स्टेशनों और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई जा सके। पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं, लेकिन समाचार भेजे जाने तक लापता बच्चियों के संबंध में पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका था। रतनपुर स्थित बालिका गृह दो मंजिला भवन में संचालित है, जहां 50 से अधिक संवासिन रहती हैं। एक साथ पांच नाबालिगों के लापता होने की इस घटना ने बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ बालिका गृह में मौजूद अन्य संवासिन और कर्मचारियों से भी जानकारी जुटा रही है।









