Monsoon to Reactivate in Jhansi: 29 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, एक अगस्त तक अच्छी बारिश के आसार

बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झांसी और बुंदेलखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से एक अग
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से झांसी और बुंदेलखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से एक अगस्त तक अच्छी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। यदि यह पूर्वानुमान सही साबित होता है, तो लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है और दिन के तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। पिछले कुछ दिनों से मानसून की सक्रियता में कमी आने के कारण झांसी में उमस और गर्मी का असर बढ़ गया है। रविवार को अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा था। ऐसे में कूलर, पंखे और एसी से बाहर निकलते ही लोग उमस से परेशान हो गए। कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने से मानसून को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि सोमवार और मंगलवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। 29 जुलाई से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी और एक अगस्त तक अच्छी वर्षा होने के आसार हैं।
अब तक इस मानसूनी सीजन में जिले में सामान्य से 52 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। एक जून से 26 जुलाई तक जिले में सामान्य औसत वर्षा 295.8 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, लेकिन अब तक केवल 140.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जनपद में अब तक सामान्य से 52 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। इस कमी के कारण किसानों में चिंता का माहौल है, क्योंकि खरीफ फसलों को समय पर पानी नहीं मिल पा रहा है। अच्छी बारिश की उम्मीद से किसानों को राहत मिलेगी और इससे पिछले दिनों अपेक्षित स्तर तक नहीं भर पाए बांधों और जलाशयों के जलस्तर में भी सुधार होने की संभावना है। इससे सिंचाई और पेयजल व्यवस्था पर बने दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।









