Monsoon Boosts Farming: मुजफ्फरपुर में धान रोपनी में बोचहां नंबर-1, मक्का और दलहन की खेती ने भी पकड़ी रफ्तार

मुजफ्फरपुर में सक्रिय मानसून ने खरीफ फसलों की खेती को नई रफ्तार दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण धान, मक्का और दलहनी फसलों की बुआई तेजी से आगे बढ़ रही है। जिल
मुजफ्फरपुर में सक्रिय मानसून ने खरीफ फसलों की खेती को नई रफ्तार दी है। लगातार हो रही बारिश के कारण धान, मक्का और दलहनी फसलों की बुआई तेजी से आगे बढ़ रही है। जिला कृषि कार्यालय की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, धान का बिचड़ा तैयार करने का लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि धान की रोपाई 86.04 प्रतिशत तक पूरी हो गई है। मक्का की बुआई भी 92 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। जिले में 15,408.83 हेक्टेयर में धान का बिचड़ा तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इसके मुकाबले अब तक 15,256.77 हेक्टेयर में बिचड़ा तैयार किया जा चुका है। वहीं, 1,54,088.30 हेक्टेयर धान रोपाई के लक्ष्य के विरुद्ध 1,32,576.40 हेक्टेयर क्षेत्र में रोपनी पूरी हो गई है। मक्का की खेती में 7,023.97 हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 6,489.75 हेक्टेयर में बुआई कर 92.39 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है। दलहनी फसलों में अरहर की बुआई 69.56 प्रतिशत, उड़द 54.59 प्रतिशत और मूंग 30 प्रतिशत तक पहुंच गई है। कृषि विभाग का मानना है कि अनुकूल मौसम जारी रहा तो इन फसलों का लक्ष्य भी जल्द पूरा हो जाएगा।
धान का बिचड़ा तैयार करने में बोचहां, गायघाट और मीनापुर ने शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। धान रोपनी में बोचहां ने 13,050.35 हेक्टेयर में 100 प्रतिशत उपलब्धि के साथ जिले में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा साहेबगंज (94.11%), मड़वन (92.92%), सरैया (91.99%) और सकरा (87.34%) में भी रोपनी तेजी से पूरी हो रही है। मुरौल, गायघाट, बंदरा, कांटी, मोतीपुर, कुढ़नी, कटरा, मुशहरी, पारू, मीनापुर और औराई में भी 78 से 86 प्रतिशत के बीच रोपनी पूरी हो चुकी है। जिला कृषि पदाधिकारी भारत भूषण ने बताया कि जुलाई में अब तक 277 एमएल वर्षा रिकॉर्ड की गई है। लगातार बारिश से किसानों को धान की रोपनी में काफी सहूलियत मिली है।









