Murder of Singer Radhika Kumari in Rohtas: गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव

रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार की रात को सबरा
रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय गायिका राधिका कुमारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार की रात को सबराबाद-तेलारी मार्ग पर कराकट फैक्ट्री के पास हुई। राधिका की पहचान नोखा थाना क्षेत्र के दुर्गापुर गांव निवासी संजय पासवान की पुत्री के रूप में हुई है। राधिका पेशे से गायिका थी और हाल ही में बक्सर में एक म्यूजिक एल्बम की शूटिंग पूरी कर लौटी थी। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है, जो इस हत्या के मामले में महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता है। प्रारंभ में पहचान न होने के कारण इंटरनेट मीडिया के माध्यम से खबर फैल गई, जिसके बाद राधिका के स्वजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे नदी पुल के पास स्थित मिल से काम कर लौट रहे मजदूरों ने सड़क किनारे शव देखा, लेकिन डर के कारण किसी को जानकारी नहीं दी। सुबह होते ही जब यह खबर फैल गई, तो मौके पर ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी एक विप्लव कुमार और चेनारी थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को बुलाकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए। थानाध्यक्ष के अनुसार, मृतका के पिता के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। स्वजनों के मुताबिक, राधिका करीब एक माह पूर्व घर से निकली थी, और इस दौरान उसकी हत्या की गई। पुलिस हत्या के कारणों और अपराधियों की पहचान के लिए सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।









