Mysterious Death of 19-Year-Old Laborer: निर्माणाधीन मकान की लिफ्ट में मिली लाश, हत्या या हादसा, जांच जारी

हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में एक 19 वर्षीय मजदूर का शव सोमवार को निर्माणाधीन मकान की लिफ्ट के लिए बनाई गई जगह से बरामद किया गया। यह शव दो से तीन दिन पुराना बत
हाजीपुर के औद्योगिक क्षेत्र में एक 19 वर्षीय मजदूर का शव सोमवार को निर्माणाधीन मकान की लिफ्ट के लिए बनाई गई जगह से बरामद किया गया। यह शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है और मृतक के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के हांसी मलाही निवासी पंकज कुमार यादव के रूप में हुई है। पंकज 23 जुलाई को अपने घर से काम के लिए हाजीपुर आया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था। उसके परिवार ने रविवार को औद्योगिक क्षेत्र थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस के अनुसार, पंकज कुछ दिन पहले गांव के अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने आया था। शव मिलने की सूचना पर पंकज के परिवार के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे और पहचान होने के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस को घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें भी मिली हैं, जिससे यह संदेह पैदा होता है कि निर्माणाधीन मकान में काम करने वाले कुछ मजदूर शराब का सेवन करते थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि करीब तीन-चार दिन पहले रात में यहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन रात होने के कारण कोई मौके पर नहीं पहुंच सका था। इस घटना के बाद युवक की मौत को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। एक संभावना यह है कि नशे के दौरान हुए विवाद में युवक की हत्या कर दी गई और शव को लिफ्ट की जगह पर डाल दिया गया। वहीं, दूसरी संभावना यह भी है कि काम के दौरान युवक छत से गिर गया हो। हालांकि, अगर यह हादसा था, तो घटना की जानकारी पुलिस या स्वजन को क्यों नहीं दी गई, यह भी जांच का एक अहम बिंदु है।









