New Foot Over Bridge at Bhagalpur Station: यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत, प्लेटफार्म 2 और 3 का होगा विस्तार

भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नया फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की योजना बनाई गई है। यह ब्रिज 15 मीटर चौड़ा होगा और स्टेशन क
भागलपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नया फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की योजना बनाई गई है। यह ब्रिज 15 मीटर चौड़ा होगा और स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में पार्सल बुकिंग केंद्र के पास से शुरू होकर प्लेटफॉर्म संख्या 1 से 6 तक जुड़ेगा। नए एफओबी के निर्माण के साथ-साथ सभी प्लेटफार्मों तक आने-जाने के लिए नई सीढ़ियों का निर्माण भी किया जाएगा। वर्तमान में प्लेटफार्म संख्या 1 पर एसएस चैंबर के सामने स्थित पुराने फुटओवर ब्रिज को हटाने की योजना है। इसके साथ ही प्लेटफार्म संख्या 2 और 3 के मौजूदा एफओबी की संकरी सीढ़ियों में केवल एक सीढ़ी का चौड़ीकरण किया गया है, जबकि शेष सीढ़ियों का विस्तार भविष्य में किया जाएगा। इस परियोजना के तहत प्लेटफार्म संख्या 2-3 पर लिफ्ट लगाने के लिए बेस तैयार किया गया है, लेकिन लिफ्ट की अनुपलब्धता के कारण कार्य पूरा नहीं हो सका। रेलवे ने श्रावणी मेला शुरू होने से पहले लिफ्ट और सीढ़ियों के चौड़ीकरण का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन यह समय पर पूरा नहीं हो पाया। श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, नए एफओबी का निर्माण सर्कुलेटिंग एरिया से शुरू होकर सभी प्लेटफार्मों को जोड़ेगा। इसके बाद प्लेटफार्म संख्या 2-3 के विस्तारीकरण का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। यार्ड आधुनिकीकरण परियोजना के तहत इन प्लेटफार्मों को 24 कोच क्षमता के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इस पूरी परियोजना को दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
यार्ड आधुनिकीकरण के दौरान ट्रेनों के संचालन और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यकता अनुसार ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। कार्य दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में लोहिया पुल की ओर स्थित एफओबी की सीढ़ियों का चौड़ीकरण किया जाएगा, जबकि दूसरे चरण में नाथनगर छोर की सीढ़ियों का विस्तार होगा। वर्तमान में भागलपुर स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2, 3, 5 और 6 की लंबाई अपेक्षाकृत कम है। इसी कारण लंबी दूरी की बड़ी ट्रेनों का परिचालन मुख्य रूप से प्लेटफार्म संख्या 1 और 4 से किया जाता है। प्लेटफार्म 2-3 के एफओबी की संकरी सीढ़ियों के कारण यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। यार्ड आधुनिकीकरण के तहत ट्रैक, सिग्नल और प्वाइंट का पुनर्स्थापन भी किया जाएगा। प्लेटफार्म संख्या 1 को लोहिया पुल की ओर से तोड़कर सीधा किया जाएगा। वर्तमान में इस हिस्से में ट्रैक पर मोड़ होने के कारण परिचालन प्रभावित होता है। प्लेटफार्म को पीछे की ओर स्थानांतरित करने से अतिरिक्त जगह मिलेगी, जिससे ट्रैक को सीध में लाकर प्लेटफॉर्म संख्या 2-3 का चौड़ीकरण संभव हो सकेगा।









