New Police Commissioner in Lucknow: तरुण गाबा ने कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की योजना बताई

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर के 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के पांचवें पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश कैडर के 2001 बैच के आईपीएस अधिकारी तरुण गाबा ने बुधवार को लखनऊ के पांचवें पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने लखनऊ पुलिस लाइंस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया से बातचीत की। गाबा ने कहा कि राजधानी में बढ़ते अपराध के स्वरूप से निपटने के लिए पुलिस कमिश्नरेट तकनीक आधारित पुलिसिंग को नई दिशा देगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान में साइबर अपराध सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है, और इसके खिलाफ चल रही मुहिम को और तेज किया जाएगा। साइबर थानों की क्षमता बढ़ाने, तकनीकी संसाधनों को मजबूत करने और विशेषज्ञों की मदद से कार्रवाई को अधिक प्रभावी बनाने की योजना है। इसके साथ ही, उन्होंने लखनऊ की कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने, महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने और साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर ने पत्रकारों से कहा कि उनका प्रयास हर प्रकार के अपराध पर नियंत्रण रखना होगा। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। संगठित अपराध, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर ने यह भी कहा कि जनता और पुलिस के बीच बेहतर संवाद स्थापित किया जाएगा। शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गाबा ने कहा कि राजधानी में पुलिसिंग को आधुनिक तकनीक के साथ और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि लखनऊ में हाल ही में साइबर अपराध के खिलाफ कई प्रभावी कार्रवाई की गई हैं और कई आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अब इस अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। साइबर ठगी के शिकार लोगों की रकम वापस दिलाने के प्रयासों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।











