New Vande Bharat Train: भोपाल-निजामुद्दीन वंदे भारत अब भगवा रंग में

भोपाल-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस अब नए आकर्षक भगवा और ग्रे रंग में यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। रेलवे की मेक इन इंडिया पहल के तहत इस सेमी
भोपाल-हजरत निजामुद्दीन वंदे भारत एक्सप्रेस अब नए आकर्षक भगवा और ग्रे रंग में यात्रियों का स्वागत करने के लिए तैयार है। रेलवे की मेक इन इंडिया पहल के तहत इस सेमी हाईस्पीड ट्रेन का झांसी स्थित रेल कोच नवीनीकरण कारखाने में व्यापक उन्नयन किया गया है। इस अपग्रेडेशन के दौरान अत्याधुनिक रोबोटिक पेंटिंग तकनीक का उपयोग किया गया है, जिससे ट्रेन को एक नया प्रीमियम लुक दिया गया है। कोचों के अंदर यात्रियों की सुविधा और आराम को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पिछले कुछ दिनों से ट्रेन को सजाने-संवारने का काम चल रहा था और अब यह बुधवार को भोपाल के लिए रवाना होगी। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर किए गए इस अपग्रेडेशन के तहत पहले सफेद-नीले रंग में चलने वाली वंदे भारत को अब भगवा और ग्रे रंग का नया संयोजन दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि यह रंग योजना ट्रेन को आधुनिक स्वरूप देने के साथ-साथ भारतीय पहचान को भी मजबूत करती है। रोबोटिक कोटिंग तकनीक से की गई पेंटिंग के कारण सभी कोचों पर एक समान फिनिश मिली है, जिससे पेंट अधिक टिकाऊ होगा और मौसम के प्रभावों से कम प्रभावित होगा।
इस वंदे भारत ट्रेन की सबसे बड़ी विशेषता इसके कोचों का नया इंटीरियर्स है। यात्रियों को सफर के दौरान मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक, धार्मिक और प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के लिए कोचों में राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों के आकर्षक चित्र लगाए गए हैं। इनमें खजुराहो के विश्वविख्यात मंदिर, सांची स्तूप, भीमबेटका की प्रागैतिहासिक गुफाएं, कान्हा और बांधवगढ़ राष्ट्रीय उद्यान, ओरछा के ऐतिहासिक स्मारक, भोजपुर मंदिर, उज्जैन का महाकाल लोक, पचमढ़ी, भेड़ाघाट की संगमरमर घाटियां तथा ओंकारेश्वर प्रमुख रूप से शामिल हैं। यात्रियों के आराम पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। चेयरकार कोचों की सीटों में अतिरिक्त कुशनिंग दी गई है, जबकि एग्जीक्यूटिव चेयरकार में बड़े और बेहतर डिजाइन वाले फुटरेस्ट लगाए गए हैं।









