Flood Threat in Odisha: ओडिशा पर मंडराया बाढ़ का खतरा, लगातार बारिश से उफान पर नदियां

भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण ओडिशा में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है।
भुवनेश्वर से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के कारण ओडिशा में हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को गंभीर रूप से प्रभावित कर दिया है। राज्य के कई जिलों में नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। बालेश्वर जिले की जलका नदी ने खतरे के निशान को पार कर लिया है, जिससे नदी किनारे के गांवों में बाढ़ की आशंका बढ़ गई है। जलका नदी के जलस्तर की जानकारी के अनुसार, मयूरभंज जिले के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार भारी वर्षा होने के कारण नदी में पानी का बहाव तेजी से बढ़ा है। बालेश्वर जिले के बस्ता ब्लॉक के मथानी गेज स्टेशन पर नदी का चेतावनी स्तर 6 मीटर और खतरे का स्तर 6.50 मीटर निर्धारित किया गया है। मंगलवार सुबह 6 बजे तक नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे तटीय और निचले इलाकों में पानी घुसने का खतरा बढ़ गया है।
राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश के कारण हालात चिंताजनक बने हुए हैं। कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न हो गई हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है। रेलवे ट्रैक पर जल जमाव होने के कारण ट्रेन सेवाएं भी बाधित हुई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों पर भी पानी भर गया है, जिससे लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन को आशंका है कि यदि अगले 24 घंटे तक बारिश का सिलसिला जारी रहा, तो कुछ जिलों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भी राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है।









