Operation Chakra in Delhi: वाहन चोरों के संगठित नेटवर्क पर प्रहार, 72 घंटे में 25 आरोपित गिरफ्तार

पश्चिमी दिल्ली में वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान चलाया, जिसे ऑपरेशन चक्र नाम दिया गया। इस अभियान के दौरान प
पश्चिमी दिल्ली में वाहन चोरी के संगठित नेटवर्क को समाप्त करने के लिए पुलिस ने 72 घंटे का विशेष अभियान चलाया, जिसे ऑपरेशन चक्र नाम दिया गया। इस अभियान के दौरान पुलिस ने 25 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई खुफिया सूचनाओं, तकनीकी निगरानी, नाकाबंदी और लगातार छापेमारी के माध्यम से की गई। पुलिस ने बताया कि इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 116 चोरी के वाहन बरामद किए गए हैं। इन वाहनों की बरामदगी से पश्चिमी दिल्ली और अन्य जिलों में वाहन चोरी के 116 मामलों का निस्तारण हुआ है। उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि इस अभियान में जिले के सभी थाना पुलिस, एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (एएटीएस), स्पेशल स्टाफ और नारकोटिक्स यूनिट ने मिलकर काम किया। अभियान के दौरान पुलिस ने वाहन चोरी के हॉटस्पॉट की पहचान की और तकनीकी निगरानी के माध्यम से संदिग्ध वाहनों की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके अलावा, संदिग्ध और लावारिस वाहनों का सत्यापन भी किया गया। आदतन वाहन चोरों और चोरी के वाहनों को खरीदने वालों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। 72 घंटे के इस अभियान में कुल 116 चोरी के वाहन बरामद हुए, जिनमें 113 दोपहिया, दो तिपहिया और एक चारपहिया वाहन शामिल हैं। बरामद किए गए वाहनों में से 46 पश्चिमी जिले से चोरी हुए थे, जबकि 70 वाहन राजधानी के अन्य जिलों से चोरी किए गए थे। इनकी बरामदगी से कुल 116 वाहन चोरी के मामलों का निस्तारण हुआ।
गिरफ्तार आरोपितों में कई आदतन वाहन चोर, जिला बदर किए जा चुके अपराधी और विभिन्न आपराधिक मामलों में पहले से संलिप्त आरोपित शामिल हैं। पुलिस ने अभियान के दौरान वाहन चोरी के हॉटस्पॉट की मैपिंग की, संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त नाकाबंदी की, मोबाइल पेट्रोलिंग की और मुखबिर तंत्र का सक्रिय इस्तेमाल किया। विभिन्न इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने चोरी के वाहन छिपाने और उनकी खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क पर भी विशेष ध्यान केंद्रित किया। एएटीएस ने 16 वाहन बरामद किए, जबकि पंजाबी बाग और तिलक नगर थाना पुलिस ने 12-12, विकासपुरी और ख्याला ने 10-10, नारायणा और राजौरी गार्डन ने आठ-आठ, कीर्ति नगर और इंद्रपुरी ने छह-छह, जनकपुरी ने पांच, मोती नगर और हरि नगर ने चार-चार और मायापुरी और नारकोटिक्स यूनिट ने क्रमशः तीन और दो वाहन बरामद किए हैं। इस प्रकार, ऑपरेशन चक्र ने वाहन चोरी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है और पुलिस की सक्रियता से इस अपराध पर अंकुश लगाने में मदद मिली है।









