Train Accident in Palamu: मिथिलेश की ट्रेन से गिरकर हुई मौत, परिवार में छाया मातम

संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्व मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अशोक राम के 35 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार की ट्रेन में चढ़ने
संवाद सहयोगी, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के पूर्व मोहल्ला निवासी स्वर्गीय अशोक राम के 35 वर्षीय पुत्र मिथिलेश कुमार की ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसल जाने से मौत हो गई। मिथिलेश अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए धनबाद मजदूरी करने जा रहे थे। इस दुखद घटना के बाद से उनके परिवार में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं। परिजनों का कहना है कि मिथिलेश कुमार मंगलवार को बरवाडीह रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां उन्होंने बीडीएम सवारी ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया, लेकिन अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद यात्रियों ने तुरंत जीआरपी थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सूचना मिलते ही बरवाडीह रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर घायल मिथिलेश कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरवाडीह में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच), मेदिनीनगर रेफर कर दिया। हालांकि, एमएमसीएच पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद अस्पताल में पुलिस चौकी के पुलिस अधिकारी महेंद्र कुमार और विकास कुमार पहुंचे और स्वजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने शव का इंक्वेस्ट तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया को पूरा कर रही है। मिथिलेश कुमार की असामयिक मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोग उनके मजदूरी करने की बात बताते हुए गहरे सदमे में हैं। मिथिलेश की मौत ने उनके परिवार को आर्थिक संकट में डाल दिया है, क्योंकि वह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। इस घटना ने न केवल उनके परिवार को बल्कि पूरे मोहल्ले को भी गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं अक्सर होती हैं और इसके लिए रेलवे प्रशासन को सुरक्षा उपायों को और सख्त करने की आवश्यकता है।









