PDP's Announcement on Article 370: महबूबा मुफ्ती बोलीं- '5 अगस्त को जम्मू-कश्मीर के हरेक जिले में होगा जोरदार प्रदर्शन'

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अनुच्छेद 370 की बहाली, राजनीतिक बंदियों की रिहाई, एलओसी पार संपर्क बहाली और बिजली परियोजनाओं की वा
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) ने अनुच्छेद 370 की बहाली, राजनीतिक बंदियों की रिहाई, एलओसी पार संपर्क बहाली और बिजली परियोजनाओं की वापसी की मांग को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ एक बड़ा ऐलान किया है। पार्टी की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि 5 अगस्त को अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के विरोध में जम्मू-कश्मीर के हर जिले में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शन पार्टी के 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में की गई घोषणा का हिस्सा है। महबूबा मुफ्ती ने कहा कि पीडीपी अपने मूल उद्देश्य के प्रति प्रतिबद्ध है, जिसमें संवाद के माध्यम से कश्मीर मुद्दे का समाधान, जम्मू-कश्मीर के संवैधानिक अधिकारों की बहाली और सम्मानजनक शांति सुनिश्चित करना शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी ने सभी जिलों में स्थापना दिवस मनाने की योजना बनाई थी, लेकिन राजौरी और पुंछ में भारी बारिश के कारण कार्यक्रम को सीमित करना पड़ा। दिवंगत मुफ्ती मोहम्मद सईद का विजन आज भी पार्टी का मार्गदर्शन कर रहा है, जो पिछले 27 वर्षों की राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद कायम है।
महबूबा मुफ्ती ने प्रेस वार्ता में पार्टी द्वारा पारित प्रस्तावों का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर मुद्दे के पूर्ण समाधान, जम्मू-कश्मीर की पहचान और संवैधानिक सुरक्षा की बहाली के लिए संवाद, मेल-मिलाप और विश्वास बहाली के माध्यम से शांतिपूर्ण राजनीतिक संघर्ष जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई गई है। उन्होंने कहा कि सार्थक संवाद के बिना स्थायी शांति संभव नहीं है। इसके अलावा, पीडीपी अध्यक्ष ने एलओसी पार संपर्क बहाल करने की मांग की, जिसमें मुजफ्फराबाद और रावलाकोट जैसे पारंपरिक मार्गों को यात्रा और व्यापार के लिए फिर से खोलने का आग्रह किया गया। महबूबा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर दक्षिण एशिया और मध्य एशिया के बीच एक सेतु बन सकता है। इसके साथ ही, कश्मीरी पंडितों के लिए शारदा पीठ कॉरिडोर खोलने की अपील भी की गई।









