Petrol bomb thrown at BJP office: संगरूर में दो आरोपी गिरफ्तार

संगरूर में भाजपा के जिला कार्यालय पर शनिवार रात को पेट्रोल बम फेंकने की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को संगरूर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर ल
संगरूर में भाजपा के जिला कार्यालय पर शनिवार रात को पेट्रोल बम फेंकने की घटना को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को संगरूर पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी संगरूर जिले के निवासी हैं और इनका संपर्क सोशल मीडिया के माध्यम से विदेश में बैठे एक व्यक्ति, जिसे 'राणा भाई' के नाम से जाना जाता है, से हुआ था। राणा भाई ने इन दोनों को बड़ी रकम का भरोसा दिलाकर इस वारदात को अंजाम देने के लिए प्रेरित किया। वारदात के बाद आरोपियों ने एक वीडियो बनाकर राणा भाई को भेजा, जिसके बाद उन्हें यूपीआई के माध्यम से 1200 और 1000 रुपये का भुगतान किया गया। पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि उन्हें इस कार्य के लिए बड़ी रकम देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन उन्हें केवल 2200 रुपये ही मिले। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना की रात करीब 2:35 बजे दो अज्ञात व्यक्ति उपली गांव की तरफ से पैदल आए थे। उन्होंने एक बोतल में आग लगाकर भाजपा कार्यालय की चारदीवारी के ऊपर से कार्यालय की इमारत की दीवार की तरफ पेट्रोल बम फेंका और फिर पैदल ही उपली रोड की ओर लौट गए। आरोपियों का इरादा इमारत को नुकसान पहुंचाना और माहौल को खराब करना था। इससे पहले भी चंडीगढ़ और अन्य स्थानों पर इसी तरह की घटनाएं हुई थीं। मामले की जांच के लिए एसपी इन्वेस्टिगेशन दविंदर अत्तरी की निगरानी में विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। काउंटर इंटेलिजेंस की एआईजी डॉ. सिमरत कौर की टीम ने भी जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।









