Phone Scam in Tamil Nadu: महिलाओं ने धोखे में आकर मुंडवाए सिर

तमिलनाडु के सलेम जिले के एक गांव में एक अनजान व्यक्ति के फोन कॉल ने तीन महिलाओं को सिर मुंडवाने के लिए मजबूर कर दिया। फोन करने वाले ने खुद को तहसीलदार बताते हुए
तमिलनाडु के सलेम जिले के एक गांव में एक अनजान व्यक्ति के फोन कॉल ने तीन महिलाओं को सिर मुंडवाने के लिए मजबूर कर दिया। फोन करने वाले ने खुद को तहसीलदार बताते हुए कहा कि सरकार की नई योजना के तहत अगर महिलाएं अपने सिर के बाल मुंडवा लेंगी, तो उन्हें 15 हजार रुपये मिलेंगे। इसके साथ ही उसने यह भी दावा किया कि कोरोना जैसी एक नई बीमारी बालों के जरिए फैल रही है और विदेशों में लोग इस बीमारी से बचने के लिए सिर मुंडवा रहे हैं। इस तरह की भ्रामक जानकारी सुनकर गांव की महिलाएं डर और लालच के चलते इस धोखाधड़ी का शिकार हो गईं। पलानीअम्मल नाम की महिला के मोबाइल पर आए इस कॉल ने पूरे गांव में हड़कंप मचा दिया। फोन करने वाले ने न केवल पलानीअम्मल का नाम, बल्कि उनके परिवार के सदस्यों के नाम भी बताए, जिससे गांव वालों को उस पर विश्वास हो गया।
इस धोखाधड़ी का मामला सलेम जिले के अत्तूर के पास पुथुकोथमपाडी गांव का है। रविवार रात करीब 8 बजे यह घटना हुई। फोन करने वाले ने कहा कि सरकार ने सिर मुंडवाने वाली महिलाओं को 15 हजार रुपये देने का फैसला किया है। उसने यह भी बताया कि स्कूल और कॉलेज की छात्राओं को 45 हजार रुपये और एक लैपटॉप दिया जाएगा, जबकि पुरुषों को 6 हजार रुपये मिलेंगे। उसने यह भी कहा कि गांव के लिए केवल 18 टोकन ही उपलब्ध हैं और सरकारी अधिकारी अगले दिन पैसे लेकर आएंगे। लेकिन एक शर्त यह थी कि सिर पहले से मुंडवाने वाली महिलाओं को ही पैसे मिलेंगे। इस तरह की जानकारी सुनकर गांव में अफरा-तफरी मच गई और कई महिलाएं सिर मुंडवाने की तैयारी करने लगीं।
अगले दिन जब महिलाएं सिर मुंडवाने के बाद पैसे की उम्मीद में बैठी थीं, तब न तो कोई सरकारी अधिकारी आया और न ही कोई सरकारी गाड़ी। जब महिलाओं ने फोन करने वाले के नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, तो वह स्विच ऑफ मिला। तब उन्हें समझ में आया कि वे एक बड़े धोखाधड़ी का शिकार बन चुकी हैं। इसके बाद बाकी ग्रामीणों ने भी सिर मुंडवाने का फैसला रद्द कर दिया। अब अत्तूर ग्रामीण पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फोन करने वाले के पास गांव के लोगों की निजी जानकारी कैसे पहुंची। यह घटना न केवल धोखाधड़ी का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि कैसे लोग लालच और डर के चलते आसानी से ठगी का शिकार बन जाते हैं।









