Plasma Smuggling in Bengal: ब्लड बैंकों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, दस्तावेज जब्त

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कुछ ब्लड बैंकों पर रक्त और प्लाज्मा की तस्करी के आरोपों के चलते राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में कुछ ब्लड बैंकों पर रक्त और प्लाज्मा की तस्करी के आरोपों के चलते राज्य स्वास्थ्य विभाग ने सक्रियता दिखाई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने कोलकाता के बेलियाघाटा सहित विभिन्न जिलों में स्थित ब्लड बैंकों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनमें पिछले छह महीने में आयोजित रक्तदान शिविरों, रक्त संग्रह और वितरण से संबंधित फाइलें शामिल हैं। अधिकारियों ने इन दस्तावेजों की जांच के लिए उन्हें अपने कब्जे में लिया है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई राज्य में चल रही नियमित निगरानी और समीक्षा प्रक्रिया के तहत की गई है। जांच टीम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
पूर्व बर्द्धमान में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 के किनारे स्थित एक निजी अस्पताल के ब्लड बैंक में चार सदस्यीय मेडिकल टीम ने लगभग चार घंटे तक जांच की। इस टीम का नेतृत्व जिले की डिप्टी सीएमओएच सुनेत्रा मजूमदार ने किया। जांच के दौरान रक्त संग्रह, भंडारण, वितरण और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, लाइसेंस, गुणवत्ता नियंत्रण, प्रशासनिक और तकनीकी रिकॉर्ड की गहनता से जांच की गई। इस दौरान यह भी सुनिश्चित किया गया कि ब्लड बैंक सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहा है या नहीं। सुनेत्रा मजूमदार ने बताया कि दस्तावेजों में कई कमियां और रिकॉर्ड में कुछ असंगतियां पाई गई हैं। उन्होंने ब्लड बैंक प्रबंधन को दो दिनों के भीतर सभी कमियों को दूर कर विस्तृत रिपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच के दौरान रक्त तस्करी का कोई प्रमाण नहीं मिला।









