Police Action in Bengal: बीरभूम में सरकारी बस चालक के घर से करोड़ों की नकदी और 15 किलो सोना जब्त

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम के मोहम्मदबाजार इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस ने एक सरकारी बस चालक के घर पर छापेमारी की, जिसमें करोड़ों रुपये की नकदी और 15 किलो
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बीरभूम के मोहम्मदबाजार इलाके में मंगलवार देर रात पुलिस ने एक सरकारी बस चालक के घर पर छापेमारी की, जिसमें करोड़ों रुपये की नकदी और 15 किलो सोना बरामद किया गया। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस कार्रवाई का उल्लेख करते हुए बताया कि पुलिस ने मोहम्मदबाजार के देउचा इलाके में मिनार मंडल के घर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू किया। यह कार्रवाई देर रात शुरू होकर सुबह तक जारी रही। सूत्रों के अनुसार, घर में नोटों के कई बंडल मिले हैं, जिन्हें गिनने के लिए पांच नोट गिनने वाली मशीनें मंगाई गईं। बरामद की गई नकदी को ले जाने के लिए बड़े-बड़े ट्रंक भी लाए गए। इस छापेमारी ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मिनार मंडल सरकारी बस चालक है और पत्थर कारोबार से भी जुड़ा हुआ है। यह भी कहा जा रहा है कि वह बीरभूम के चर्चित पत्थर कारोबारी टुलू मंडल के कई पत्थर खदानों के कारोबार से भी जुड़ा रहा है। हालांकि, बरामद नकदी और सोने का स्रोत क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। टुलू मंडल को कभी पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में प्रभावशाली नेता अनुब्रत मंडल का करीबी बताया जाता था। टुलू पर अवैध पत्थर खदान चलाने के आरोप भी लग चुके हैं और उसका नाम मवेशी तस्करी मामले में भी सामने आया था। वर्ष 2022 में प्रवर्तन निदेशालय ने उसके घर और कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया था। इस बार मिनार मंडल के घर से बरामद संपत्ति का टुलू मंडल से कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।











