Political Strategy in Uttar Pradesh: छात्र आंदोलन से सत्ता पाने का रचा जा रहा कुचक्र

प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को यमुनापार के मेजा स्थित एमबी पैलेस एंड रिजार्ट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा ह
प्रयागराज में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को यमुनापार के मेजा स्थित एमबी पैलेस एंड रिजार्ट में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी को गुंडों की पार्टी करार देते हुए कहा कि यह पार्टी सत्ता में आने के लिए बेताब है, लेकिन प्रदेश की जनता उनकी मंशा को समझ चुकी है। मौर्य ने विश्वास जताया कि 2027 में भाजपा की हैट्रिक तय है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल बौखलाहट में छात्रों को आगे कर आंदोलन के जरिए सत्ता हासिल करने का कुचक्र रच रहे हैं। ऐसे में भाजपा कार्यकर्ताओं को सतर्क रहकर अभी से चुनावी तैयारी में जुट जाना चाहिए। उप मुख्यमंत्री ने भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए ऐतिहासिक विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि ये कार्य पहले कभी नहीं हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संबोधन में प्रदेश में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात की। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर थी और युवाओं, महिलाओं व किसानों के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार होता था। लेकिन भाजपा सरकार ने सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत के साथ नई मिसाल कायम की है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और बिना किसी भेदभाव के लोगों को राशन दिया जा रहा है। मौर्य ने यह भी कहा कि पहले जहां आठ घंटे बिजली मिलती थी, अब 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने समूह की महिलाओं को लखपति बनाने की योजना का भी जिक्र किया।









