Power Crisis in Meerut: ऊर्जा निगम के अधिकारियों से मिले सपा विधायक

मेरठ में बिजली संकट और बुनकरों की समस्याओं को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के जनप्रतिनिधियों ने ऊर्जा निगम के अधिक
मेरठ में बिजली संकट और बुनकरों की समस्याओं को लेकर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और विपक्षी समाजवादी पार्टी (सपा) के जनप्रतिनिधियों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को घेरना शुरू कर दिया है। सोमवार को मेरठ शहर से सपा विधायक रफीक अंसारी ने बिजली संकट और बुनकरों की समस्याओं के समाधान के लिए पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता से मुलाकात की। विधायक ने इस दौरान समस्याओं को जल्द हल करने की मांग की। इससे पहले शनिवार को भाजपा सांसद अरुण गोविल, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल और एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज ने जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की थी। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में स्पष्ट रूप से बिजली संकट के लिए विद्युत अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था।
कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने लगातार पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक, मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता के साथ बिजली समस्याओं को लेकर बैठकें की हैं। इससे पहले सपा विधायक अतुल प्रधान और किठौर विधायक शाहिद मंजूर ने भी पीवीवीएनएल मुख्यालय का घेराव किया था। अब सोमवार को सपा के शहर विधायक रफीक अंसारी के नेतृत्व में बुनकरों ने पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता से मुलाकात की। विधायक ने बताया कि प्रदेश में 2006 से पावरलूम बुनकरों को फ्लैट रेट पर विद्युत आपूर्ति की जा रही थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने इसमें संशोधन किया है। इस संशोधन के तहत पावरलूम बुनकरों को दो श्रेणियों में बांट दिया गया है, जिसमें शटल लैस मशीन वाले बुनकरों को इस लाभ से अलग कर दिया गया है। विधायक ने मांग की कि शटललेस वाले बुनकरों को भी इस योजना का लाभ दिया जाए।









