Power Pole Issues in Ghaziabad: गाजियाबाद में गलते बिजली के खंभे, नए लगने के बाद भी नहीं बदली लाइनें

गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में बिजली के खंभों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। विद्युत निगम हर साल करोड़ों रुपये बिजली व्यवस्था को सुधारने में खर्च करता है, ल
गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र में बिजली के खंभों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। विद्युत निगम हर साल करोड़ों रुपये बिजली व्यवस्था को सुधारने में खर्च करता है, लेकिन इसके बावजूद जगह-जगह गलते हुए बिजली के पोल से हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि नए पोल लगाने के बावजूद पुराने और गल चुके पोल से बिजली की लाइन को शिफ्ट नहीं किया गया है। इससे कई स्थानों पर दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। शालीमार गार्डन एक्सटेंशन-वन के 80 फुटा रोड पर कई पोल गल चुके हैं। स्थानीय निवासियों की लगातार शिकायतों के बाद एक महीने पहले नए पोल लगाए गए, लेकिन अभी तक लाइन को शिफ्ट नहीं किया गया है। पुराने लोहे के पोल पूरी तरह से गल चुके हैं और तेज हवा चलने पर ये पोल टूटकर गिर सकते हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले बच्चों, राहगीरों और वाहन चालकों के लिए यह एक बड़ा खतरा बन गया है।
स्थानीय लोगों ने इस समस्या की शिकायत एसडी, जेई सहित कई अधिकारियों से की है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यहां ज्यादातर पोल पर फाइबर केबल की लाइनें डाली गई हैं, जिससे बिजली के तारों में स्पार्किंग होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके चलते कई बार तार टूटकर गिरने की घटनाएं भी हो चुकी हैं। विद्युत निगम से इन पोलों को हटाने की मांग की गई है, लेकिन निगम का कहना है कि यह कार्य मुख्यालय स्तर पर किया जाता है और इसके लिए टेलीकाम कंपनी को शुल्क जमा करना होता है। इस समस्या का समाधान नहीं होने पर स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि कोई पोल टूटकर गिरता है, तो इसका जिम्मेदार विद्युत निगम होगा।









