Kaithal News: पूंडरी में आधार कार्ड अपडेट कराने के लिए भटक रहे लोग

पूंडरी कस्बे में आधार कार्ड बनवाने और उसमें आवश्यक जानकारी अपडेट कराने के लिए स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि उन
पूंडरी कस्बे में आधार कार्ड बनवाने और उसमें आवश्यक जानकारी अपडेट कराने के लिए स्थानीय निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। नागरिकों का कहना है कि उन्हें संबंधित कार्यालयों में बार-बार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। कस्बे के निवासी रोहित, राजेश, मुकेश, भानु, बबलू, शमशेर, सुरेश और मोहित ने बताया कि पहले उन्हें नगर पालिका कार्यालय भेजा जाता है, जहां से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और फिर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी (बीडीपीओ) कार्यालय के कमरा नंबर-4 में भेजा जाता है। कई बार प्रयास करने के बाद भी कोई भी कार्यालय आधार संबंधी कार्य नहीं कर रहा है। इससे लोगों का समय और धन दोनों बर्बाद हो रहा है। नगर पालिका कार्यालय से बीडीपीओ कार्यालय की दूरी लगभग तीन किलोमीटर है, और इतनी दूरी तय करने के बाद भी उन्हें केवल इधर-उधर भेजा जा रहा है। इस स्थिति से परेशान होकर कई लोग अपने काम छोड़कर पूरे दिन सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं।
लोगों का आरोप है कि अंत में उन्हें भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) भेजा जाता है, जहां आधार कार्ड अपडेट करने या नया आधार कार्ड बनवाने के लिए शुल्क चुकाना पड़ता है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि सरकारी स्तर पर आधार संबंधी सेवाएं नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाएं, तो उन्हें इस तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। इसके अलावा, केवल आधार कार्ड ही नहीं, बल्कि फैमिली आईडी से जुड़े कार्यों में भी उन्हें समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। संबंधित कार्यालयों में स्पष्ट व्यवस्था न होने के कारण आम जनता को बार-बार चक्कर लगाने पड़ते हैं।









