Professor Slaps Student in Exam Hall: अहमदाबाद के कॉलेज में प्रोफेसर ने छात्र को थप्पड़ मारा, कार्रवाई की मांग तेज

अहमदाबाद स्थित एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक प्रोफेसर ने एक छात्र को दो थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है
अहमदाबाद स्थित एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक प्रोफेसर ने एक छात्र को दो थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। यह घटना 2 जून को हुई थी, जब कॉलेज में थियरी परीक्षा चल रही थी। वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि प्रोफेसर डीएस पटेल और छात्र के बीच किसी मुद्दे पर बहस हो जाती है, जिसके बाद प्रोफेसर अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाते और छात्र को थप्पड़ जड़ देते हैं। इस घटना के बाद छात्र ने कॉलेज प्रशासन से शिकायत की, लेकिन अब तक प्रोफेसर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे छात्रों में भारी नाराजगी व्याप्त है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में परीक्षा हॉल के अंदर अन्य छात्र भी मौजूद थे, जो इस अप्रिय घटना के गवाह बने। प्रोफेसर के इस व्यवहार ने न केवल छात्र को बल्कि सभी उपस्थित छात्रों को हैरान कर दिया। पीड़ित छात्र ने प्रोफेसर के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन कॉलेज प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने से छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। छात्रों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं शिक्षा के माहौल को खराब करती हैं और उन्हें सुरक्षा का अहसास नहीं होता।
इस मामले पर एलडी इंजीनियरिंग कॉलेज के प्रिंसिपल एन. भूपतानी ने कहा कि किसी भी छात्र के साथ मारपीट करना प्रोफेसर के लिए उचित नहीं है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छात्र और प्रोफेसर दोनों के बयान दर्ज किए गए हैं और रिपोर्ट तकनीकी कमिश्नर के कार्यालय को भेजी गई है। हालांकि, प्रोफेसर का कहना है कि छात्र ने उत्तर पुस्तिका जमा करने में अधिक समय लिया था, जिससे बहस हुई। अब यह देखना होगा कि वायरल हुए सीसीटीवी फुटेज और रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज प्रशासन कब तक प्रोफेसर के खिलाफ कार्रवाई करता है।









