Protests in India: CJP प्रदर्शनकारियों पर हमले के वीडियो वायरल

नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (cjp) के नेतृत्व में छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद, अब प्रदर्शनकारियों पर हमले के कई वीडियो सोशल
नीट पेपर लीक के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्रों द्वारा किए गए प्रदर्शन के समाप्त होने के बाद, अब प्रदर्शनकारियों पर हमले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में राइटविंगर कार्यकर्ता सत्यम पंडित द्वारा दो प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की घटना दिखाई दे रही है। इसके अलावा, अन्य वीडियो में प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट, धमकी और सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाने की घटनाएं भी सामने आई हैं। आंदोलन के समर्थकों ने इन हमलों को प्रदर्शन करने की 'सजा' बताते हुए इसे डराने-धमकाने की कोशिश करार दिया है। वहीं, बीजेपी समर्थक सोशल मीडिया हैंडल्स इन प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और उनके वीडियो तथा तस्वीरें साझा कर रहे हैं। आंदोलन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी और सुरक्षा बलों के खिलाफ की गई अभद्र टिप्पणियों वाले वीडियो भी वायरल हुए थे। सरकार का समर्थन करने वाले लोग इसे आंदोलन की मर्यादा खोने का सबूत मानते हैं। दूसरी ओर, CJP और उसके समर्थकों का कहना है कि ऐसे वीडियो पूरे आंदोलन का प्रतिनिधित्व नहीं करते और कुछ असामाजिक तत्वों की हरकतों के आधार पर पूरे आंदोलन को नहीं आंका जाना चाहिए।
आंदोलन समाप्त होने के बाद, बीजेपी समर्थक कई सोशल मीडिया अकाउंट्स ने कुछ छात्र-छात्राओं की तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए उनकी पहचान उजागर करने और उन्हें गिरफ्तार करने की मांग की है। कुछ पोस्ट में लोगों से अपील की गई है कि वे इन प्रदर्शनकारियों के पड़ोसियों, सहकर्मियों और कॉलेज साथियों तक उनकी पहचान पहुंचाएं। इस बीच, कनॉट प्लेस में एक वायरल वीडियो में एक व्यक्ति, जो खुद को पत्रकार बताता है, एक प्रदर्शनकारी से सवाल पूछते हुए उसका गला पकड़ लेता है और प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ कथित टिप्पणी को लेकर माफी मांगने का दबाव बनाता है। वीडियो में प्रदर्शनकारी बार-बार उसका हाथ हटाने की गुहार लगाता है, लेकिन उसे धमकियां दी जाती हैं और अंततः वह माफी मांगता दिखाई देता है। एक अन्य वीडियो में कनॉट प्लेस में एक युवक का पीछा किया जाता है और उसके साथ मारपीट की जाती है। कई लोग उसे घूंसे और लात मारते हुए नजर आते हैं, जबकि वह खुद को बचाने की कोशिश करता है।









