EXCLUSIVE: पहले किया इन्कार, अब कागजों ने खोला राज... जंतर-मंतर पर RAF ने DCP के कहने पर ही चलाई थी पैलेट गन

20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (raf) ने दिल्ली पुलिस के एक dcp रैंक अधिकारी के आदेश पर एंटी-रायट गन का इस्तेमाल किया। सू
20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए हिंसक प्रदर्शन के दौरान रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) ने दिल्ली पुलिस के एक DCP रैंक अधिकारी के आदेश पर एंटी-रायट गन का इस्तेमाल किया। सूत्रों के अनुसार, यह जानकारी दस्तावेजों में दर्ज है, जिसमें इस कार्रवाई की आधिकारिक एंट्री भी शामिल है। इस घटना में कम से कम चार लोग घायल हुए हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस की ओर से इस मामले पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दस्तावेजों के मुताबिक, जंतर-मंतर के जोन-1 में RAF की एक कंपनी तैनात थी, जो दिल्ली पुलिस के DCP के साथ मिलकर भीड़ को नियंत्रित करने का कार्य कर रही थी। DCP के निर्देश पर RAF जवानों ने 55 नॉन-इलेक्ट्रिक शेल, 15 इलेक्ट्रिक शेल और 5 टियर स्मोक ग्रेनेड का इस्तेमाल किया। इसके अलावा, एंटी-रायट गन से दो राउंड फायर किए गए, जिनमें प्लास्टिक पेलेट वाले बैलिस्टिक कारतूस का उपयोग किया गया। एंटी-रायट गन को कम खतरनाक यानी लेस-लीथल भीड़ नियंत्रण हथियार माना जाता है, जो पारंपरिक पेलेट गन से थोड़ी अलग होती है। इसमें प्लास्टिक पेलेट वाले कारतूस भरे जाते हैं, और जब यह फायर होती है, तो एक कारतूस कई टुकड़ों में बंट जाता है, जिससे एक साथ कई लोगों को चोट लग सकती है। इसका उद्देश्य किसी एक व्यक्ति को निशाना बनाना नहीं, बल्कि भीड़ को तितर-बितर करना होता है।
जंतर-मंतर हिंसा के बाद सुरक्षा बलों पर पेलेट गन के इस्तेमाल के आरोप लगे थे, जिन्हें पहले खारिज कर दिया गया था। लेकिन अब सामने आए दस्तावेजों ने इन आरोपों को नई हवा दे दी है। RAF के भीतर इस मामले की जांच पहले से ही शुरू हो चुकी है। जनरल डायरी में दर्ज एंट्री के अनुसार, 20 जुलाई को डिप्टी कमांडेंट सतीश कुमार सांगवान ने DO रूम में आकर बताया कि जोन-1 जंतर-मंतर में DCP नॉर्थ राजा भाटिया की ड्यूटी के दौरान, उनके आदेश पर भीड़ नियंत्रण में यह हथियार इस्तेमाल किए गए। इस घटना की रिपोर्ट अपराध और अपराधी ट्रैकिंग नेटवर्क और सिस्टम (CCTNS) में दर्ज कर ली गई है। आजतक और इंडिया टुडे ने इस मामले पर अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।









