Railway Mega Block: रेलवे का मेगा ब्लॉक, यात्रियों को चेक करना होगा नया शेड्यूल

जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। खड़गपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बालेश्वर स्टेशन में 28 जुलाई से 9 अगस्त तक रेल प्रशासन द्वारा नॉन इंटरलॉकिंग कार्यों के साथ-साथ
जागरण संवाददाता, चक्रधरपुर। खड़गपुर रेल मंडल के अंतर्गत आने वाले बालेश्वर स्टेशन में 28 जुलाई से 9 अगस्त तक रेल प्रशासन द्वारा नॉन इंटरलॉकिंग कार्यों के साथ-साथ बालेश्वर स्टेशन यार्ड के रिमॉडलिंग कार्य का आयोजन किया जाएगा। इस कार्य के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे ने लंबी दूरी की पांच राजधानी और एक्सप्रेस ट्रेनों के मार्ग में बदलाव करने की घोषणा की है। इसके साथ ही, 09 ट्रेनों को रीशेड्यूल किया जाएगा और 02 ट्रेनों को सेक्शन में कंट्रोल कर चलाया जाएगा। इस बदलाव के कारण बंगाल, झारखंड और ओडिशा के यात्रियों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। विशेष रूप से, इन तिथियों के बीच नीलांचल एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस का परिचालन टाटानगर स्टेशन में नहीं होगा। 28 जुलाई, 02, 04 और 07 अगस्त को आनंदविहार स्टेशन से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 12876 आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग चंडिल, टाटानगर, हिजली, बालेश्वर, भद्रक और जखपुरा स्टेशनों की जगह परिवर्तित मार्ग चांडिल, कांड्रा, सिनी, राजखरसांवा, चाईबासा, नयागढ, जखपुरा होते हुए पुरी तक चलेगी। 28 जुलाई, 04 और 05 अगस्त को नई दिल्ली से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 22824 नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग से हटकर चांडिल, कांड्रा, सिनी, राजखरसांवा, चाईबासा, नयागढ, जखपुरा होते हुए भुवनेश्वर तक जाएगी। 29 जुलाई, 02, 05 और 09 अगस्त को भुवनेश्वर से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 22811 भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग से परिवर्तित होकर नई दिल्ली तक पहुंचेगी। इसी प्रकार, 03, 04 और 07 अगस्त को भुवनेश्वर से चलने वाली ट्रेन नंबर 22823 भुवनेश्वर-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित मार्ग से हटकर नई दिल्ली तक जाएगी। 3 अगस्त को आनंदविहार स्टेशन से प्रस्थान करने वाली ट्रेन नंबर 12816 आनंद विहार-पुरी नंदन कानन एक्सप्रेस भी परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इस प्रकार, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने यात्रा कार्यक्रम की योजना बनाते समय इन परिवर्तनों को ध्यान में रखें।









