Rajasthani Govind Gatte Ki Sabji: दाल-बाटी भूल जाएंगे! जब घर पर बनाएंगे राजस्थान की शाही डिश 'गोविंद गट्टे की सब्जी', स्वाद है लाजवाब

राजस्थान के खाने की बात करें तो सबसे पहले दाल-बाटी और गट्टे की सब्जी का नाम आता है। ये दोनों ही व्यंजन लोगों के दिलों में खास स्थान रखते हैं। लेकिन क्या आपने कभ
राजस्थान के खाने की बात करें तो सबसे पहले दाल-बाटी और गट्टे की सब्जी का नाम आता है। ये दोनों ही व्यंजन लोगों के दिलों में खास स्थान रखते हैं। लेकिन क्या आपने कभी गोविंद गट्टे की सब्जी का स्वाद लिया है? यह एक विशेष प्रकार की सब्जी है, जिसमें मावा और ड्राई फ्रूट्स का अद्भुत मिश्रण होता है। इसकी खासियत यह है कि यह आम गट्टे की सब्जी से बिल्कुल अलग है और इसका स्वाद इतना लाजवाब है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे। यदि आप अपने लंच या डिनर में कुछ खास और शाही ट्राई करना चाहते हैं, तो गोविंद गट्टे की सब्जी एक बेहतरीन विकल्प है। आइए, जानते हैं इसकी आसान रेसिपी।
गोविंद गट्टे की सब्जी बनाने के लिए सबसे पहले गट्टों के लिए आटा गूंथना होगा। इसके लिए एक बड़े बर्तन में बेसन लें और उसमें कुटा हुआ मसाला, लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, धनिया पाउडर, अजवाइन, हींग और नमक डालकर अच्छे से मिला लें। अब इसमें एक चम्मच दही डालें और सभी चीजों को अच्छे से मिक्स करें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला। गूंथे हुए आटे को ढककर कुछ देर के लिए रख दें। अब गट्टे की स्टफिंग तैयार करने का समय है। इसके लिए मावा लें और उसमें काली मिर्च, थोड़ा नमक और बारीक कटे काजू, बादाम, किशमिश और पिस्ता डालकर मिला लें। इस मिश्रण की छोटी-छोटी गोलियां बना लें।
अब बेसन के आटे की भी छोटी लोइयां बना लें। हर लोई के बीच में मावे और ड्राई फ्रूट्स की एक गोली रखें और इसे अच्छी तरह बंद कर दें। गट्टों को गोल-गोल शेप दें, जो देखने में छोटे गुलाब जामुन की तरह लगें। इसके बाद एक गहरे बर्तन में पानी गर्म करें और उसमें तैयार किए हुए गट्टे डाल दें। इन्हें अच्छी तरह पकने तक उबालें। गट्टे पकने के बाद इन्हें पानी से निकाल लें, लेकिन ध्यान रखें कि गट्टे का पानी फेंकें नहीं, क्योंकि इसका इस्तेमाल ग्रेवी में किया जाएगा। अब एक बर्तन में सरसों का तेल गर्म करें और उसमें प्याज, टमाटर, अदरक और लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह भूनें। जब पेस्ट भुन जाए, तब दही में लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, हल्दी पाउडर, जीरा पाउडर, हींग, कुटा हुआ मसाला और नारियल का बूरा डालकर अच्छे से मिला लें। इस पेस्ट को भुने हुए प्याज-टमाटर के मसाले में डालें और लगातार चलाते हुए पकाएं। जब ग्रेवी अच्छी तरह पक जाए और मसाला तेल छोड़ने लगे, तब इसमें उबले हुए स्टफ्ड गट्टे डाल दें। इन्हें धीमी आंच पर कुछ देर पकने दें, ताकि गट्टों के अंदर भरा मावा और ड्राई फ्रूट्स का स्वाद मसालेदार ग्रेवी के साथ अच्छी तरह मिल जाए। इस प्रकार, राजस्थान की खास और बेहद स्वादिष्ट गोविंद गट्टे की सब्जी तैयार है। इसे आप रोटी, पराठे या चावल के साथ खास अवसरों पर परोस सकते हैं।











