Recovered Lost Phones: खोए हुए 119 मोबाइल फोन लौटाए गए, लोगों के चेहरे पर खुशी

शामली में पुलिस ने खोए हुए और चोरी हुए मोबाइल फोन की एक बड़ी खेप बरामद की है। सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों की पुलिस ने मिलकर सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आ
शामली में पुलिस ने खोए हुए और चोरी हुए मोबाइल फोन की एक बड़ी खेप बरामद की है। सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों की पुलिस ने मिलकर सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आईडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से आम जनता के खोए हुए करीब 18 लाख रुपये कीमत के 119 मोबाइल फोन को वापस लौटाया। रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान, एसपी एनपी सिंह ने इन मोबाइल फोन को उनके असली मालिकों को सौंपा। जब लोगों को उनका खोया हुआ मोबाइल फोन वापस मिला, तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। एसपी ने बताया कि सर्विलांस सेल और जिले के सभी थानों पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए थे कि वे आम जनता के खोए हुए मोबाइल फोन को जल्द से जल्द बरामद करें। इस दिशा में टीम के प्रयासों से विभिन्न कंपनियों के कुल 119 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 18 लाख रुपये है। इन मोबाइलों में से 50 से अधिक फोन दक्षिण भारत के राज्यों तक पहुंच चुके थे, जिन्हें वहां की स्थानीय पुलिस से संपर्क करके वापस मंगाया गया। इसके अलावा, अधिकतर मोबाइल फोन उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब जैसे पड़ोसी राज्यों से भी बरामद किए गए हैं।
एसपी ने नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम या चोरी हो जाता है, तो उसे बिना किसी देरी के नजदीकी थाने पर सूचना देनी चाहिए या फिर सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। शिकायत दर्ज करते समय मोबाइल फोन की खरीद रसीद और पहचान पत्र के साथ आवश्यक विवरण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य होता है। जब शिकायत पंजीकृत हो जाती है, तो शिकायतकर्ता को एक रिक्वेस्ट नंबर मिलता है। यदि उस मोबाइल फोन में कोई नया सिम डालकर इस्तेमाल किया जाता है, तो सर्विलांस टीम को तुरंत लोकेशन ट्रेस करने में सफलता मिलती है। इस बार 119 लोगों ने शामली पुलिस का आभार व्यक्त किया है।









