Road conditions in Jammu: गड्ढों से भरी सड़कें, हादसों का बढ़ता खतरा

जम्मू शहर के बीसी रोड और प्रसिद्ध शकुंतला चौक पर सड़कों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। यहां गहरे गड्ढे न केवल यातायात की गति को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि
जम्मू शहर के बीसी रोड और प्रसिद्ध शकुंतला चौक पर सड़कों की स्थिति अत्यंत चिंताजनक हो चुकी है। यहां गहरे गड्ढे न केवल यातायात की गति को प्रभावित कर रहे हैं, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर समय खतरा उत्पन्न कर रहे हैं। हालिया मानसूनी बारिश ने प्रशासन के रखरखाव के दावों की पोल खोलकर रख दी है। इस मार्ग से रोजाना हजारों बसों की आवाजाही होती है, लेकिन गड्ढों को भरने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने के कारण वाहन चालकों को गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे बाइक और स्कूटी सवार अक्सर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा, चौपहिया और भारी वाहनों के सस्पेंशन, टायर और एक्सल भी टूट रहे हैं, जिससे आम जनता को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सुबह और शाम के पीक आवर्स के दौरान बीसी रोड और शकुंतला चौक की स्थिति और भी भयावह हो जाती है। गड्ढों से बचने के प्रयास में वाहन चालक अपनी गाड़ियों की गति कम कर देते हैं या अचानक कट मारते हैं, जिससे पीछे आ रही गाड़ियों की लंबी कतारें लग जाती हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना दर्जनों एम्बुलेंस और स्कूल बसें गुजरती हैं। गड्ढों और यातायात के इस कुप्रबंधन के कारण एम्बुलेंस भी अक्सर जाम में फंस जाती हैं, जो किसी मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तुरंत गड्ढों की भराई की जाए। बन तालाब निवासी राकेश सिंह ने कहा कि यह सड़क अब एक डेथ ट्रैप बन चुकी है। गुज्जर नगर निवासी शौकत चौधरी ने युद्धस्तर पर गड्ढों की भराई की मांग की है। वहीं, छन्नी निवासी रजनी शर्मा ने जल निकासी के लिए नालियों की सफाई और मरम्मत की आवश्यकता पर जोर दिया है। यदि समय रहते इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह जर्जर सड़कें किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं। जम्मू पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर राजेश कुमार ने कहा कि बरसात के दौरान आपात कार्यों को करवाने के निर्देश दिए गए हैं और गड्ढों को भरने के बाद तारकोल डालने का काम बरसात रुकते ही शुरू किया जाएगा।











