Sawan Festivities in Ranchi: कश्मीरी चूड़ियों और महाकाल टी-शर्ट का बाजार में जलवा

जागरण संवाददाता, रांची। सावन का पावन महीना आते ही रांची के बाजारों में शिवभक्ति और हरियाली का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इस समय भगवान शिव के भक्तों की आस्
जागरण संवाददाता, रांची। सावन का पावन महीना आते ही रांची के बाजारों में शिवभक्ति और हरियाली का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। इस समय भगवान शिव के भक्तों की आस्था के साथ-साथ खरीदारी का उत्साह भी चरम पर है। बाजारों में महिलाओं के श्रृंगार का सामान, हरे रंग की साड़ियां, आकर्षक कुर्तियां और हरी चूड़ियों की भरमार है। हर दुकान पर सावन की विशेष थीम सजाई गई है, जिससे बाजार की रौनक कई गुना बढ़ गई है। खरीदारों की भीड़ और सावन से जुड़े पारंपरिक परिधानों व श्रृंगार सामग्री की बढ़ती मांग ने बाजार को पूरी तरह सावनमय बना दिया है।
सावन के इस पावन महीने में बाजारों की हरियाली और रौनक ने सभी को आकर्षित किया है। महिलाएं और युवतियां पारंपरिक परिधानों और श्रृंगार सामग्री की जमकर खरीदारी कर रही हैं। बाजार में हरे रंग की साड़ियों से लेकर आकर्षक कुर्ती सेट और विभिन्न डिजाइनों की चूड़ियों की भरमार है, जिससे खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। महिलाओं के लिए प्लेन हरी साड़ी, आर्गेंजा, सिल्क, बंधनी प्रिंट और चंदेरी सिल्क साड़ियों के अनेक आकर्षक डिजाइनों की अच्छी रेंज उपलब्ध है। इसके अलावा, विलियम कढ़ाई वाली चूड़ियां भी महिलाओं को खूब लुभा रही हैं। सिंपल साड़ी के साथ डिजाइन वाली चूड़ी का अनोखा मेल देखने को मिल रहा है।
श्रृंगार की बात करें तो बिंदी चूड़ी और इस बार कश्मीरी चूड़ी सेट महिलाओं और युवतियों की पहली पसंद बनकर उभरे हैं। इन चूड़ियों में लगे छोटे-छोटे घुंघरू इन्हें अलग और आकर्षक लुक देते हैं। कांच की हरी चूड़ियां, पत्तों की डिजाइन वाली चूड़ियां और अन्य डिजाइनर बैंगल्स की भी अच्छी मांग है। रांची के अपर बाजार स्थित तारा बैंगल्स के व्यापारी ने बताया कि इस वर्ष छोटे-छोटे घुंघरुओं वाले कश्मीरी चूड़ी सेट की मांग सबसे अधिक है। इसके साथ ही, कावड़ यात्रा करने वाले भक्तों के लिए बाजार में रंग-बिरंगे टी-शर्ट, महाकाल गमछा और भगवान की आकृति बने टी-शर्ट भी उपलब्ध हैं। व्यापारी ने कहा कि कावंड़ यात्रियों के लिए भगवान शिव के प्रारूप बने टी-शर्ट और महाकाल लिखे शार्ट कुर्ता खास पसंद बन गए हैं। बम बम भोले लिखे हुए टी-शर्ट की कीमत सेट में 500 रुपये और कुर्ता 300 रुपये है। महाकाल लिखे कुर्ता सावन माह में लोगों की पहली पसंद बन गई है।









