Security arrangements for Gauri Shankar Temple: 100 निजी सुरक्षाकर्मियों के जिम्मे होगी ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था

शशि ठाकुर, नई दिल्ली। श्रद्धा का महासावन 30 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते पूरे माह मध्य और नई दिल्ली के प्रमुख मंदिरों में अलौकिक भक्ति का माहौल देखन
शशि ठाकुर, नई दिल्ली। श्रद्धा का महासावन 30 जुलाई से शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते पूरे माह मध्य और नई दिल्ली के प्रमुख मंदिरों में अलौकिक भक्ति का माहौल देखने को मिलेगा। इस पवित्र माह के मद्देनजर, मंदिर समितियों ने महादेव की विशेष पूजा अर्चना के साथ-साथ भक्तों की सुरक्षा और स्वागत की तैयारियों को भी तेज कर दिया है। इस बार चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गौरी शंकर मंदिर में भक्तों की सुरक्षा के लिए 100 निजी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जाएगा। ये सुरक्षाकर्मी मंदिर के भीतर और बाहरी हिस्से में सतर्कता से सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखेंगे। पिछले वर्ष यहां 80 सुरक्षाकर्मी तैनात थे, लेकिन इस वर्ष उनकी संख्या बढ़ाकर 100 करने का निर्णय लिया गया है। मंदिर के प्रबंधक सुभाष गोयल ने बताया कि हम भक्तों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर काफी सतर्क हैं और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षाकर्मियों की संख्या में और वृद्धि की जा सकती है। इसके साथ ही, मंदिर के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जा रही है।
पिछले वर्ष लालकिला के सामने हुए ब्लास्ट के बाद से मंदिरों में आतंकी हमले की चेतावनी मिली थी, जिसमें गौरी शंकर मंदिर का भी नाम शामिल था। इसी कारण से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को काफी सख्त किया गया है। मंदिर के सामने बैरिकेडिंग की गई है, लेकिन श्रद्धालुओं की असुविधा को देखते हुए अब मंदिर प्रबंधक द्वारा इसे हटाने की मांग की जा रही है। सुभाष गोयल का कहना है कि सावन के दौरान मंदिर में लगभग एक लाख भक्तों के आने की उम्मीद है, जिससे लंबी कतारें लगेंगी। लेकिन बैरिकेडिंग के कारण भक्तों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।









