Signal Wire Theft in Danapur: दानापुर रेल मंडल में फिर सिग्नल वायर चोरी, वंदे भारत- जनशताब्दी समेत कई ट्रेनें प्रभावित

दानापुर रेल मंडल के लखीसराय-बाढ़ रेलखंड पर सिग्नल वायर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में, महज दो दिन के भीतर दूसरी बार चोरों ने टाल जंक्शन के ह
दानापुर रेल मंडल के लखीसराय-बाढ़ रेलखंड पर सिग्नल वायर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हाल ही में, महज दो दिन के भीतर दूसरी बार चोरों ने टाल जंक्शन के होम सिग्नल का कापर वायर काटकर अप लाइन की रेल सेवा को ठप कर दिया। यह घटना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। सोमवार रात करीब 9:30 बजे हुई इस घटना के कारण 22347 अप वंदे भारत एक्सप्रेस टाल जंक्शन पर रुक गई, जबकि जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत पटना की ओर जाने वाली कई अन्य ट्रेनें भी विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। समाचार लिखे जाने तक सिग्नल व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी थी और ट्रेनों का परिचालन कागजी प्राधिकार (मैनुअल) व्यवस्था के सहारे किया जा रहा था। इससे यात्रियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
इससे पहले 24 जुलाई की रात भी हाथीदह-मोकामा रेलखंड पर मोकामा के निकट अप आउटर सिग्नल के पास कॉपर वायर काटे जाने से रेल परिचालन एक घंटे तक बाधित रहा था। उस समय भी वंदे भारत एक्सप्रेस और जनशताब्दी एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी रहीं। रेलवे कर्मियों ने तकनीकी खराबी को दूर कर परिचालन को फिर से शुरू किया था। लेकिन लगातार हो रही इस तरह की घटनाओं ने रेलवे सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। जिस रेलखंड से प्रतिदिन वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनें गुजरती हैं, वहां बार-बार सिग्नल वायर चोरी होना सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता पर सवाल खड़े कर रहा है।
यात्रियों का कहना है कि यदि चोर इतनी आसानी से रेलवे के महत्वपूर्ण सिग्नल सिस्टम तक पहुंचकर तार काट सकते हैं, तो यह केवल संपत्ति की चोरी नहीं बल्कि रेल परिचालन और हजारों यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, घटना की जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर पहुंचकर वायर चोरी के कारणों और सुरक्षा में हुई चूक की पड़ताल कर रही हैं। इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर से चिंता बढ़ा दी है, और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है।









