SIR verification begins in Gurugram: 1987 से पहले और 2004 के बाद जन्मे लोगों को देने होंगे अलग-अलग डॉक्युमेंट

गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (sir)-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची के दावे एवं आपत्तियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को गुड़गांव, सोहना, पटौदी एवं बा
गुरुग्राम में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के अंतर्गत मतदाता सूची के दावे एवं आपत्तियों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मंगलवार को गुड़गांव, सोहना, पटौदी एवं बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लघु सचिवालय के कान्फ्रेंस हाल में आयोजित किया गया, जहां अधिकारियों को SIR के आगामी चरण, दावा एवं आपत्ति प्रक्रिया, नोटिस जारी करने, दस्तावेजों के सत्यापन और मतदाता सूची के अद्यतन से संबंधित सभी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। इस प्रशिक्षण में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, जिसमें बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रह किया गया है। आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 31 जुलाई को प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी, और इसके बाद 31 जुलाई से 30 अगस्त तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस दौरान, पात्र नागरिक नए मतदाता के रूप में अपना नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में संशोधन करवाने या हटवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। आवेदन आनलाइन एवं आफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए जाएंगे।
गुड़गांव के एसडीएम संजीव सिंगला ने बताया कि 31 जुलाई से 28 सितंबर तक नोटिस अवधि रहेगी। इस दौरान प्राप्त दावे एवं आपत्तियों के साथ-साथ आवश्यक मामलों में नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी प्रकरणों का नियमानुसार डिजिटल माध्यम से परीक्षण एवं निस्तारण निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों (एईआरओ) द्वारा किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अंतिम मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं नवीनतम हो सके। इसके उपरांत, तीन अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इस प्रक्रिया में चुनाव तहसीलदार राजेंद्र सिंह हुड्डा ने अधिकारियों को विभिन्न आयु वर्ग के मतदाताओं के लिए निर्धारित दस्तावेजों की जांच प्रक्रिया से भी अवगत कराया।











