Solar Energy Revolution in UP: 'PM Surya Ghar Yojana' के तहत योगी सरकार ने स्थापित किए 7 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इस योजना को केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे जन आंदोलन का रूप दिया गया है। यूपीनेडा, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड, सभी डिस्कॉम, राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति, बैंकिंग संस्थान, जनपदीय प्रशासन, विद्युत विभाग, सौर ऊर्जा उद्योग और अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयासों से उत्तर प्रदेश ने देश के अग्रणी रूफटॉप सोलर राज्यों में अपनी पहचान बनाई है। गुजरात के बाद, उत्तर प्रदेश 7 लाख से अधिक आवासीय रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित करने वाला दूसरा राज्य बन गया है। जुलाई 2026 तक राज्य में 11,58,183 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 7,03,661 से अधिक संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इन संयंत्रों से 2371.14 मेगावाट से अधिक स्वच्छ ऊर्जा क्षमता विकसित की गई है। यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश की दूरदर्शी नीतियों और प्रभावी क्रियान्वयन का प्रमाण है।
केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी, सरल ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, पारदर्शी मॉनिटरिंग और मजबूत कार्यान्वयन व्यवस्था ने इस योजना को अभूतपूर्व गति दी है। आज उत्तर प्रदेश देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे रूफटॉप सोलर बाजारों में अग्रणी बन चुका है। रूफटॉप सोलर से राज्य को बहुआयामी लाभ मिल रहे हैं, जैसे कि लगभग 12,000 एकड़ भूमि की बचत। यदि 2371.14 मेगावाट क्षमता पारंपरिक ग्राउंड-माउंटेड सोलर पार्कों के माध्यम से स्थापित की जाती, तो इसके लिए इतनी भूमि की आवश्यकता होती। रूफटॉप सोलर मॉडल के कारण यह भूमि कृषि, औद्योगिक विकास और अन्य सार्वजनिक उपयोगों के लिए सुरक्षित बनी हुई है। इससे भूमि अधिग्रहण की आवश्यकता न्यूनतम हुई है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।









