SP accuses irregularities in Anupshahr voter list: सपा ने लगाया अनूपशहर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप, उठाई जांच की मांग

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुलंदशहर जिले की अनूपशहर विधान सभा सीट की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी उच्चस्त
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) ने बुलंदशहर जिले की अनूपशहर विधान सभा सीट की मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के नेतृत्व में सपा नेताओं ने सोमवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में दावा किया गया है कि विधान सभा क्षेत्र के 27 हजार से अधिक मतदाताओं के नाम और उनके रिश्तेदारों के नाम में सरनेम जोड़ने, हटाने तथा अन्य त्रुटियां सामने आई हैं। सपा ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और प्रभावित मतदाताओं को नए पहचान पत्र जारी किए जाएं। सपा के वरिष्ठ नेता केके श्रीवास्तव, डा. हरिश्चन्द्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अनूपशहर विधान सभा के सभी 448 मतदान केंद्रों पर प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची के सत्यापन में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां मिली हैं।
पार्टी का आरोप है कि कई मतदाताओं और उनके रिश्तेदारों के नाम में अतिरिक्त सरनेम जोड़ दिए गए हैं या पहले से दर्ज सरनेम हटा दिए गए हैं, जबकि उनके मतदाता पहचान पत्र नंबर पहले जैसे ही हैं। सपा ने कुछ मतदान केंद्रों के उदाहरण भी देते हुए दावा किया कि कहीं मतदाता के नाम से 'देवी' हटाकर रिश्तेदार के नाम में 'सिंह' जोड़ दिया गया है तो कहीं रिश्तेदार के नाम में 'मलिक' या अन्य सरनेम जोड़ दिए गए हैं। यह स्थिति मतदाता सूची की शुद्धता पर सवाल खड़े करती है। सपा ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ मामलों में मतदाता और उसके रिश्तेदार के नाम अलग-अलग धर्मों के आधार पर दर्ज हैं, जिससे मतदाता सूची की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न उठते हैं।









