Special Train Services: रांची-भागलपुर के बीच चलेगी 2 जोड़ी स्पेशल ट्रेन

जागरण संवाददाता, नवादा। पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल द्वारा रांची से भागलपुर और भागलपुर से रांची के लिए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा ह
जागरण संवाददाता, नवादा। पूर्व मध्य रेल दानापुर मंडल द्वारा रांची से भागलपुर और भागलपुर से रांची के लिए श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया जा रहा है। यह विशेष ट्रेनें केजी रेलखंड पर चलेंगी और श्रद्धालुओं को सुल्तानगंज के रास्ते भागलपुर जंक्शन तक पहुंचाने में मदद करेंगी। श्रावण मास के दौरान सुल्तानगंज से गंगा जल भरकर देवघर की ओर पैदल यात्रा करने वाले कांवरिया भक्तों के लिए यह ट्रेनें एक महत्वपूर्ण सुविधा साबित होंगी। नवादा स्टेशन से कांवरिया इस ट्रेन के माध्यम से आसानी से सुल्तानगंज पहुंच सकेंगे। दानापुर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने इस ट्रेन के परिचालन की समय सारणी भी जारी की है।
गाड़ी सं. 08690/08689 रांची-भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन सप्ताह में दो दिन चलेगी। यह ट्रेन बोकारो, गोमो, कोडरमा, तिलैया, नवादा, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज के रास्ते भागलपुर जंक्शन तक पहुंचेगी। गाड़ी सं. 08690 रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल 26 जुलाई से 09 सितंबर तक प्रत्येक रविवार और बुधवार को रांची से 17.40 बजे चलकर अगले दिन 1:08 बजे तिलैया, 1:28 बजे नवादा, 01.46 बजे वारिसलीगंज, 02.08 बजे शेखपुरा, 05.25 बजे सुल्तानगंज रुकते हुए 06.30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।
वापसी में, गाड़ी सं. 08689 भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 10 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को भागलपुर से 09.10 बजे चलकर 09.35 बजे सुल्तानगंज, 12.48 बजे वारिसलीगंज, 13.06 बजे नवादा, 13.30 बजे तिलैया स्टेशन के रास्ते अगले दिन 22.20 बजे रांची पहुंचेगी। इसी प्रकार गाड़ी सं. 08646/08645 रांची-भागलपुर-रांची श्रावणी मेला स्पेशल भी सप्ताह में दो दिन चलेगी। यह ट्रेन बरकाकाना, हजारीबाग टाउन, कोडरमा, तिलैया, नवादा, किउल, जमालपुर और सुल्तानगंज के रास्ते परिचालित होगी। गाड़ी सं. 08646 रांची-भागलपुर श्रावणी मेला स्पेशल 27 जुलाई से 11 सितंबर तक प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को रांची से 17.30 बजे चलकर अगले दिन 01.06 बजे तिलैया, 01.28 बजे नवादा, 01.46 बजे वारिसलीगंज, 02.08 बजे शेखपुरा होते हुए 05.25 बजे सुल्तानगंज रुकते हुए 06.30 बजे भागलपुर पहुंचेगी।









