Special Trains Cause Trouble: स्पेशल ट्रेनें बनीं मुसीबत, घंटों इंतजार में यात्रियों का छूट रहा पसीना

बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती स्टेशन पर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ
बस्ती। पूर्वोत्तर रेलवे के बस्ती स्टेशन पर स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेनों की लगातार लेटलतीफी के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से कई ट्रेनों के घंटों विलंब से चलने के कारण यात्रियों को लंबे समय तक स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है। इस भीड़-भाड़ के चलते यात्रियों को स्पेशल ट्रेनों के स्लीपर और जनरल कोच में खड़े होकर यात्रा करनी पड़ रही है। रेलवे की समय-सारिणी के अनुसार, मंगलवार सुबह 5:45 बजे बस्ती पहुंचने वाली आनंद विहार टर्मिनल-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल एक्सप्रेस लगभग 11 घंटे 30 मिनट की देरी से शाम करीब 5:15 बजे स्टेशन पर पहुंची। इस विलंब के कारण यात्रियों को पूरा दिन स्टेशन पर बिताना पड़ा। इसके अलावा, राप्ती सागर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ढाई घंटे, सत्याग्रह एक्सप्रेस डेढ़ घंटे, दरभंगा-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल तीन घंटे, बरौनी-नई दिल्ली क्लोन स्पेशल चार घंटे और गोरखपुर स्पेशल एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे की देरी से संचालित हुई। रुधौली क्षेत्र के यात्री संतोष कुमार और दुबौलिया बाजार निवासी मुन्ना तथा अवधेश कुमार ने बताया कि वे सुबह समय पर घर से स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन यहां पता चला कि उनकी ट्रेन कई घंटे विलंब से चल रही है। समय पर गंतव्य तक पहुंचने की उनकी योजना धरी रह गई। दिनभर स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा और भोजन के बजाय चाय, समोसा और पकोड़ी खाकर समय बिताना पड़ा।
पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने इस स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि नियमित एक्सप्रेस ट्रेनें निर्धारित समय के अनुसार संचालित हो रही हैं। उन्होंने बताया कि स्पेशल ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के लिए रेलवे प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। जिन ट्रेनों में विलंब हुआ है, उन्हें मार्ग में समय की भरपाई कराने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी समस्याएं कम से कम हों। हालांकि, यात्रियों का कहना है कि उन्हें इस स्थिति से निरंतर जूझना पड़ रहा है और रेलवे को इस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।









