Speed Boat Accident in Gorakhpur: सिर की चोट से हुई थी लखमुद्दीन की मौत, एक स्पीड बोट चालक गिरफ्तार

गोरखपुर। रविवार रात को रामगढ़ताल में हुए एक दुखद स्पीड बोट हादसे में कुशीनगर निवासी लखमुद्दीन अंसारी (29) की मौत सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण हुई। पोस्टम
गोरखपुर। रविवार रात को रामगढ़ताल में हुए एक दुखद स्पीड बोट हादसे में कुशीनगर निवासी लखमुद्दीन अंसारी (29) की मौत सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के कारण हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि लखमुद्दीन की मृत्यु का कारण सिर में लगी चोट थी। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद, पुलिस की उपस्थिति में लखमुद्दीन के परिजन शव को लेकर अपने गृह जनपद रवाना हो गए। इस मामले में कार्रवाई करते हुए रामगढ़ताल थाना पुलिस ने एक बोट चालक अभिषेक साहनी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। हादसे के बाद नौकायन की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन के नियमों की समीक्षा भी शुरू कर दी गई है। रविवार रात लगभग 8:55 बजे रामगढ़ताल के नौकायन स्थल पर दो स्पीड बोट आपस में टकरा गईं। आरोप है कि प्लेटफार्म नंबर चार से संचालित स्पीड बोट ने प्लेटफार्म नंबर पांच से चल रही पर्यटकों से भरी बोट में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोट पर सवार लोग खुद को संभाल नहीं पाए, जिससे वे हादसे का शिकार हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और बचाव टीम ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने लखमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में लखमुद्दीन के मौसेरे भाई कयामुद्दीन भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। कयामुद्दीन की पत्नी रुखसाना खातून और चार वर्षीय बेटे हमजा को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। एसपी सिटी निमिष पाटील के अनुसार, मृतक के भाई शमसुद्दीन की तहरीर पर रामगढ़ताल थाने में दोनों बोट चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें प्लेटफार्म नंबर पांच की बोट के चालक कुशीनगर निवासी अभिषेक साहनी और प्लेटफार्म नंबर चार की बोट के चालक चिउटीजाम, जंगल कौड़िया निवासी अभिषेक गौड़ को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने अभिषेक साहनी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लखमुद्दीन की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार को लखमुद्दीन का शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया। भारी संख्या में परिवार के लोग पुलिस की मौजूदगी में शव लेकर कुशीनगर के लिए रवाना हुए। लखमुद्दीन की मौत से परिवार में गहरा मातम छा गया है। परिजनों का कहना है कि लखमुद्दीन परिवार का सहारा था। हादसे के दूसरे दिन सोमवार को रामगढ़ताल के नौकायन स्थल पर सन्नाटा छाया रहा। जहां आम दिनों में पर्यटकों की भीड़ रहती थी, वहां लोग हादसे की चर्चा करते नजर आए। पुलिस ने नौकायन स्थल पर निगरानी बढ़ा दी है। स्पीड बोट और सामान्य नावों के संचालन वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की सक्रियता बढ़ाई गई है।









