Stone pelting incident on Vande Bharat Express: इटावा में वंदे भारत एक्सप्रेस पर फिर पथराव, यात्री बाल-बाल बचे

इटावा में मंगलवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक बार फिर से पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। यह घटना इटावा जंक्शन से लगभग ढाई किलोमीटर पहले राहतपुरा रेलवे फाट
इटावा में मंगलवार सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक बार फिर से पत्थर फेंके जाने की घटना सामने आई। यह घटना इटावा जंक्शन से लगभग ढाई किलोमीटर पहले राहतपुरा रेलवे फाटक के पास हुई, जब शरारती तत्वों ने तेज रफ्तार ट्रेन पर पत्थर फेंका। इस घटना में सी-7 कोच की खिड़की का शीशा चटक गया, जिससे कोच में बैठे यात्री सहम गए। हालांकि, इस घटना में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी ने तुरंत जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 22436, जो नई दिल्ली से वाराणसी जा रही थी, सुबह करीब सवा आठ बजे इटावा जंक्शन की ओर बढ़ रही थी। राहतपुरा के निकट रेलवे गेट संख्या-30 के पास अचानक पत्थर फेंका गया। इस घटना की जानकारी यात्रियों ने ट्रेन के स्टाफ को दी, जिसके बाद टूंडला कंट्रोल को सूचित किया गया। इसके बाद इटावा आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और उपनिरीक्षक हीराचंद मीना मौके पर पहुंचे और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू की। आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार ने बताया कि सी-7 कोच का एक शीशा पत्थर लगने से चटका है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने इस घटना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह संभवतः खेल-खेल में किसी बच्चे द्वारा किया गया था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। मामले की जांच इटावा आरपीएफ द्वारा की जा रही है। इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गई हैं और रेलवे प्रशासन इस पर गंभीरता से विचार कर रहा है।









