Stray Dog Menace in Palamu: पलामू में आवारा कुत्तों का आतंक! 12 दिन में 18 बच्चों समेत 21 लोगों को बनाया शिकार

कुंदन सिन्हा, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि
कुंदन सिन्हा, मेदिनीनगर (पलामू)। पलामू जिले के मेदिनीनगर में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिससे स्थानीय लोग भयभीत हैं। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि पिछले 12 दिनों में 18 बच्चों समेत कुल 21 लोग आवारा कुत्तों के हमले का शिकार हो चुके हैं। प्रतिदिन दो से चार लोग डॉग बाइट का शिकार होकर मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंच रहे हैं। हाल ही में 24 जुलाई को देवी मंदिर रोड पर आवारा कुत्तों ने दो बच्चों समेत तीन लोगों को काट लिया, जिसमें विजय गुप्ता नामक व्यक्ति भी शामिल हैं। उन्होंने अस्पताल में एंटी रैबीज का इंजेक्शन लिया और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि केवल कागजों पर अभियान चलाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सही मायने में अभियान चलाया गया होता, तो आज ऐसी स्थिति नहीं होती।
इससे पहले 12 जुलाई को शहर थाना क्षेत्र के गांधी मैदान के निकट एक आवारा कुत्ते ने आधे घंटे के भीतर नौ बच्चों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया था। सभी बच्चों को तुरंत मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें एंटी रैबीज वैक्सीन लगाई गई। लगातार हो रही इन घटनाओं से शहरवासियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी मैदान, शिवाला रोड, देवी मंदिर रोड और चेयरमैन रोड जैसे कई इलाकों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है। कई बार नगर निगम को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अब लोगों ने नगर निगम से विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी संख्या नियंत्रित करने की मांग की है।









