Strike at Aam Aadmi Clinics: फिरोजपुर-फतेहगढ़ साहिब में डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

फतेहगढ़ साहिब और फिरोजपुर में आम आदमी क्लिनिकों में तैनात डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और क्लिनिकल सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ता
फतेहगढ़ साहिब और फिरोजपुर में आम आदमी क्लिनिकों में तैनात डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और क्लिनिकल सहायकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल आम आदमी क्लिनिक सांझा फ्रंट, पंजाब के आह्वान पर की गई है। राज्यभर के सभी जिलों में सिविल सर्जन कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन किए गए हैं। कर्मचारियों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग ने कई बार उनकी मांगें मानने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक कोई लिखित अधिसूचना जारी नहीं की गई है। जब तक सरकार उनकी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार नहीं करती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। फतेहगढ़ साहिब में आम आदमी क्लिनिकों का पूरा स्टाफ सिविल अस्पताल परिसर में एकत्र हुआ और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन नेताओं डॉ. सुखविंदर सिंह और डॉ. सुलखन जीत सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की वार्ता हो चुकी है और हर बार मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन आज तक किसी भी फैसले को लिखित रूप नहीं दिया गया।
फिरोजपुर में भी आम आदमी क्लिनिकों के डॉक्टरों, फार्मासिस्टों और क्लिनिकल सहायकों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर धरना देकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार के आश्वासनों पर अब भरोसा नहीं रह गया है। जब तक उनकी मांगों को लिखित रूप में स्वीकार नहीं किया जाता, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पूरे पंजाब में सभी जिलों के सिविल सर्जन कार्यालयों के बाहर एक साथ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। यदि जल्द सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा। उनका आरोप है कि लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद कर्मचारियों को न तो नौकरी की सुरक्षा मिली है और न ही अन्य मूलभूत सुविधाएं।









