Sultanpur News: इंतजार की लंबी कतार से मरीज बेहाल

सुलतानपुर के अमहट स्थित मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह से हिला कर रख दिया। सुबह ओपीडी खुलने से पहले ही पंजीकरण काउंटरो
सुलतानपुर के अमहट स्थित मेडिकल कॉलेज में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ ने व्यवस्थाओं को पूरी तरह से हिला कर रख दिया। सुबह ओपीडी खुलने से पहले ही पंजीकरण काउंटरों पर लंबी कतारें लग गई थीं, जिससे मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अस्पताल के विभिन्न विभागों में, जैसे पैथोलॉजी और दवा वितरण केंद्र, मरीजों की भीड़ ने व्यवस्थाओं को चुनौती दी। कई मरीजों को परचा बनवाने से लेकर दवा लेने तक लगभग तीन घंटे तक इंतजार करना पड़ा। इस दिन पुरुष अस्पताल में 2,208 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जबकि महिला अस्पताल में 501 मरीज पहुंचे। दोनों अस्पतालों को मिलाकर कुल 2,709 मरीजों ने उपचार कराया। भीड़ का सबसे अधिक दबाव अस्थि रोग विभाग में देखा गया, जहां करीब 160 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। दवा वितरण काउंटर और पैथोलॉजी में भी लोगों की लंबी कतारें देर तक बनी रहीं।
मरीजों ने बताया कि ऑनलाइन ओपीडी परचा बनाने की व्यवस्था अभी तक रफ्तार नहीं पकड़ पाई है, जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में कई बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों के साथ आए तीमारदार भी लंबी कतारों में परेशान नजर आए। मरीजों का कहना था कि बढ़ती ओपीडी के अनुपात में पंजीकरण और दवा वितरण काउंटरों की संख्या बढ़ाई जानी चाहिए और ऑनलाइन व्यवस्था को पूरी तरह से प्रभावी बनाया जाना चाहिए, ताकि लोगों को घंटों इंतजार न करना पड़े। विवेक नगर निवासी दीपक दुबे ने कहा कि सुबह अस्पताल पहुंचने के बाद पर्चा बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और दवा लेने तक हर जगह लाइन में लगना पड़ा। उन्होंने बताया कि सबसे अधिक समय पंजीकरण और दवा वितरण काउंटर पर लगा।









