Swift Action by Dhami Government: देहरादून में नंदा की चौकी में 12 घंटे के भीतर बहाल हुआ आवागमन

जागरण संवाददाता, देहरादून। भारी वर्षा के कारण मंगलवार प्रातः लगभग 6:30 बजे नंदा की चौकी के पास स्थित पुल की एप्रोच रोड का एक छोटा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिस
जागरण संवाददाता, देहरादून। भारी वर्षा के कारण मंगलवार प्रातः लगभग 6:30 बजे नंदा की चौकी के पास स्थित पुल की एप्रोच रोड का एक छोटा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। इस घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तुरंत अधिकारियों को राहत एवं मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के आदेश पर लोक निर्माण विभाग, जिला प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियों ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की और मात्र 12 घंटे के भीतर क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत कर मार्ग को पुनः सुचारू रूप से खोल दिया। इस त्वरित कार्यवाही से स्थानीय लोगों को राहत मिली और आवश्यक सेवाओं का संचालन भी सामान्य हो गया। एक एम्बुलेंस भी बिना किसी बाधा के मरीज को अस्पताल पहुंचाने में सफल रही। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं पुनर्स्थापन कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक तकनीकी एवं सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुल, एप्रोच रोड और संबंधित निर्माण कार्यों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों से स्पष्टीकरण तलब करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। यदि जांच में किसी स्तर पर लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तेजी से सरकार ने स्थिति पर नियंत्रण पाया और मात्र 12 घंटे में मार्ग को पुनः चालू कराया, उससे लोगों को बड़ी राहत मिली। नागरिकों ने इसे संवेदनशील, जवाबदेह और त्वरित निर्णय लेने वाली सरकार का उदाहरण बताया।









