Tobacco Vendors Under Scrutiny: तंबाकू विक्रेताओं पर कसा शिकंजा, स्वास्थ्य विभाग ने काटे 34 चालान

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। तंबाकू नियंत्रण कानून (कोटपा) के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और प्रशासनिक टीमों ने सोमवार को विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान नियमों की अनदेखी और प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री करने वाले कुल 34 दुकानदारों और प्रतिष्ठानों के चालान काटे गए, जिनसे 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। देहरा में बीएमओ डॉ. हरिंदर पाल सिंह की अगुवाई में देहरा, नैहरनपुखर, आईटीआई क्षेत्र, ढलियारा और सुनहेत बाजारों में 13 दुकानदारों से 2,600 रुपये का जुर्माना वसूला गया। निरीक्षण के दौरान कई दुकानदारों के पास पंचायतों द्वारा सात महीने बीत जाने के बाद भी वैध लाइसेंस जारी न होने का मामला सामने आया। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि केवल शुल्क की रसीद को लाइसेंस नहीं माना जा सकता और दुकान में वैध लाइसेंस प्रदर्शित करना अनिवार्य है। इसके अलावा, कई जगहों पर चेतावनी बोर्ड भी गायब मिले। विकास खंड अधिकारी देहरा, भानु प्रताप ने कहा कि लंबित लाइसेंस मामलों की जांच कर पात्र आवेदकों को नियमानुसार लाइसेंस जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।
नगरोटा बगवां में भी तंबाकू नियंत्रण कानून के तहत कार्रवाई की गई। बीएमओ डॉ. रूबी भारद्वाज की अध्यक्षता में कोटपा फ्लाइंग स्क्वाड ने झिओल, कनेड़, सिद्धबाड़ी, नरवाना, टंग और बड़ोई बाजार में दबिश देकर नौ दुकानदारों के चालान किए। बीएमओ ने कहा कि कानून का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नियमित चेकिंग जारी रहेगी। जांच के दौरान दुकानदारों को तंबाकू उत्पादों के अवैध प्रदर्शन से बचने की सलाह भी दी गई। फ्लाइंग स्क्वाड ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा उल्लंघन पाया गया, तो लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की जाएगी। इसके अलावा, गगल और चैतड़ू में बीएमओ तियारा विक्रम कटोच और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने 12 दुकानदारों के चालान काटकर 2,400 रुपये का जुर्माना वसूला। टीम ने मौके से भारी मात्रा में प्रतिबंधित गुटका, खैनी और खुली सिगरेट-बीड़ी जब्त की और जब्त सामग्री को नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी।









