Traffic Jam in Amroha: ओवरब्रिज पर पिकअप खराब, तीन घंटे थमी रही शहर की रफ्तार

अमरोहा में मंगलवार सुबह एक पिकअप वाहन के खराब होने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। अमरोहा-जोया रोड पर स्थित ओवरब्रिज पर यह घटना हुई, जिसक
अमरोहा में मंगलवार सुबह एक पिकअप वाहन के खराब होने से शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से प्रभावित हो गई। अमरोहा-जोया रोड पर स्थित ओवरब्रिज पर यह घटना हुई, जिसके कारण टीपी नगर चौराहा, नानकचंद रोड, बिजनौर रोड, जोया रोड ओवरब्रिज और दानिशमंदान रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम के कारण शहर की रफ्तार लगभग तीन घंटे तक थम गई। वाहन धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे और पैदल राहगीरों के लिए भी निकलना मुश्किल हो गया था। इस स्थिति में, जो लोग पांच मिनट की दूरी तय करने का प्रयास कर रहे थे, उन्हें एक घंटे का समय लग गया। सुबह करीब नौ बजे, जब टीपी नगर चौराहे से जोया रोड की ओर जाने वाले ओवरब्रिज पर पिकअप अचानक खराब हो गई, तब व्यस्त मार्ग पर वाहनों का दबाव तेजी से बढ़ गया और जाम ने विकराल रूप ले लिया। सड़क पर भारी और छोटे वाहनों के बेतरतीब फंस जाने से यातायात पूरी तरह से थम गया।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने खराब पिकअप को हटवाने और यातायात को सुचारु करने का प्रयास किया, लेकिन वाहनों की भारी भीड़ के कारण उन्हें काफी मेहनत करनी पड़ी। करीब 11 बजे के बाद यातायात धीरे-धीरे सामान्य हो सका, जिससे पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। इस भीषण जाम के दौरान नानकचंद रोड पर 108 एंबुलेंस भी वाहनों के बीच फंस गई थी। एंबुलेंस चालक लगातार सायरन बजाता रहा, लेकिन जाम के कारण उसे रास्ता नहीं मिल सका। जानकारी के अनुसार, यह एंबुलेंस नगर सीएचसी से सड़क हादसे में घायल मरीज को जिला अस्पताल ले जा रही थी। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह एंबुलेंस को जाम से बाहर निकाला गया।









